ब्लॉग खोजें

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मधुबनी के सात नवस्वीकृत डिग्री कॉलेजों का किया उद्घाटन

खुटौना में आयोजित समारोह में डीएम आनंद शर्मा बोले— शिक्षा ही समाज और क्षेत्र के समग्र विकास की सबसे बड़ी शक्ति



मधुबनी, 15 जुलाई।
बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के विभिन्न जिलों में नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इसी क्रम में मधुबनी जिले के सात नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालयों का भी विधिवत शुभारंभ हुआ। जिले के खुटौना प्रखंड स्थित नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने भाग लेकर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम नहीं, बल्कि पूरे समाज और क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाली सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है, रोजगार के नए अवसर खुलते हैं और सामाजिक परिवर्तन की मजबूत नींव तैयार होती है।

उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करना भी है।

इस अवसर पर झंझारपुर के सांसद रामप्रीत मंडल ने भी अपने संबोधन में राज्य सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिग्री महाविद्यालयों की स्थापना से स्थानीय विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज़ नहीं जाना पड़ेगा। इससे शिक्षा का दायरा बढ़ेगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री द्वारा जिन सात नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन किया गया, उनमें खजौली, बासोपट्टी, बिस्फी, हरलाखी, फुलपरास, खुटौना और लौकही के डिग्री महाविद्यालय शामिल हैं। इन संस्थानों के शुरू होने से जिले के हजारों विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में स्नातक स्तर की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित उद्घाटन समारोहों में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी भाग लिया। खुटौना में उप विकास आयुक्त सुमन प्रसाद साह, लौकही में जिला पंचायत राज पदाधिकारी राकेश कुमार झा, खजौली में अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण) राजेश कुमार, फुलपरास में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) संतोष कुमार, बासोपट्टी में अपर समाहर्ता (राजस्व) मुकेश रंजन तथा बिस्फी में जिला परिवहन पदाधिकारी रामबाबू ने उद्घाटन समारोह में भाग लिया और विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं।

खुटौना में आयोजित समारोह में सांसद रामप्रीत मंडल, उप विकास आयुक्त सुमन प्रसाद साह, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। सभी ने मुख्यमंत्री द्वारा जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए उठाए गए इस कदम का स्वागत करते हुए इसे मधुबनी के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मधुबनी के सात नवस्वीकृत डिग्री कॉलेजों का किया उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मधुबनी के सात नवस्वीकृत डिग्री कॉलेजों का किया उद्घाटन Reviewed by PSA Live News on 9:10:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.