ब्लॉग खोजें

मिसिर गोंदा में पारंपरिक रीति-रिवाज से संपन्न हुई आषाढ़ी पूजा, अच्छी वर्षा, समृद्धि और खुशहाली की कामना



राँची, 12 जुलाई।
बिरसा विकास जन कल्याण समिति, मिसिर गोंदा के तत्वावधान में रविवार को आषाढ़ी पूजा का आयोजन पूरे पारंपरिक विधि-विधान, पूजा पद्धति और आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर मौजा के पाहन श्री बिरसा मुंडा एवं बुद्धिजीवी श्री चिलगु उराँव के नेतृत्व में अखड़ा एवं देवी मड़ई में पूजा-अर्चना की गई। परंपरा के अनुसार बकरा एवं मुर्गे की बलि अर्पित कर देवी-देवताओं का आह्वान किया गया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और बेहतर कृषि उत्पादन की कामना की गई।

पूजा के दौरान मौजा के पाहन श्री बिरसा मुंडा एवं बुद्धिजीवी श्री चिलगु उराँव ने कहा कि आषाढ़ी पूजा आदिवासी समाज की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आदिवासी जीवन पूरी तरह प्रकृति और कृषि से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस पूजा के माध्यम से अच्छी वर्षा, भरपूर फसल, गाँव की खुशहाली, सुख-शांति, रोगों से मुक्ति तथा सभी ग्रामीणों के स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की प्रार्थना देवी मड़ई में की जाती है। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज में सामूहिक एकता, सामाजिक सौहार्द और प्रकृति के प्रति आस्था का भी प्रतीक है।

समिति के अध्यक्ष श्री अनिल उराँव ने कहा कि आषाढ़ी पूजा की परंपरा आदिवासी समाज में सदियों से चली आ रही है। आधुनिकता के इस दौर में भी समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपरागत पूजा पद्धति और रीति-रिवाजों को पूरी श्रद्धा के साथ निभा रहा है। उन्होंने कहा कि आषाढ़ माह के आगमन के बाद झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में यह पूजा बड़े उत्साह के साथ मनाई जाती है। इस पूजा का उद्देश्य समयानुकूल पर्याप्त वर्षा, कृषि का संरक्षण एवं संवर्धन, अच्छी उपज, फसलों को रोग एवं प्राकृतिक बाधाओं से बचाने तथा पूरे समाज की समृद्धि की कामना करना होता है।

पूजा समारोह में पारंपरिक वेशभूषा में ग्रामीणों की सहभागिता आकर्षण का केंद्र रही। उपस्थित लोगों ने आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामुदायिक एकता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर एतवा मुंडा, सुरेश टोप्पो, जग्गनाथ उराँव, अजय उराँव, जितवा उराँव, गंगा कच्छप, कृष्णा उराँव, ललित लिंडा, सुरेश बांडो, जय बांडो, राजा नायक, बसंती कुजूर, शांति उराँव, पुतुल कच्छप, लीला उराँव, मुनी उराँव, तारा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

मिसिर गोंदा में पारंपरिक रीति-रिवाज से संपन्न हुई आषाढ़ी पूजा, अच्छी वर्षा, समृद्धि और खुशहाली की कामना मिसिर गोंदा में पारंपरिक रीति-रिवाज से संपन्न हुई आषाढ़ी पूजा, अच्छी वर्षा, समृद्धि और खुशहाली की कामना Reviewed by PSA Live News on 8:44:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.