पंडरा में स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगी स्थायी पहचान, सांसद संजय सेठ और महापौर रोशनी खलखो ने संभावित स्थल का किया निरीक्षण
रांची, 12 जुलाई 2026। राजधानी रांची के पंडरा क्षेत्र में वर्षों से आजीविका चला रहे हजारों स्ट्रीट वेंडर्स और दैनिक श्रमिकों के लिए राहत भरी पहल शुरू हुई है। रविवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ तथा रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो ने संयुक्त रूप से पंडरा क्षेत्र में संभावित स्थलों का निरीक्षण कर स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्थायी एवं सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
निरीक्षण के दौरान सांसद और महापौर ने पंडरा थाना के सामने स्थित खाली सरकारी भूमि तथा पंडरा पुल के बाद दाहिनी ओर स्थित खाली स्थान का जायजा लिया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ उन्होंने इन स्थलों की उपयोगिता पर चर्चा करते हुए यहां स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्थायी बाजार विकसित करने की संभावनाओं का आकलन किया।
गौरतलब है कि ओटीसी मैदान से पंडरा फ्रेंड्स कॉलोनी तक बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स प्रतिदिन अपनी दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। लेकिन वर्षों से उन्हें स्थायी स्थान नहीं मिलने के कारण बार-बार अतिक्रमण हटाओ अभियान, असुविधा और असुरक्षा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
सांसद संजय सेठ ने बताया कि इस मुद्दे को उन्होंने हाल ही में आयोजित रांची नगर निगम बोर्ड की बैठक में भी प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने कहा था कि शहर के छोटे व्यवसायियों और फुटपाथ विक्रेताओं को सम्मानजनक एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है, ताकि वे बिना किसी भय और बाधा के अपना रोजगार संचालित कर सकें।
निरीक्षण के दौरान यह भी प्रस्तावित किया गया कि विकसित किए जाने वाले वेंडिंग जोन में केवल दुकानों की व्यवस्था ही नहीं होगी, बल्कि दैनिक श्रमिकों के लिए शेड, स्वच्छ पेयजल और आधुनिक शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे स्ट्रीट वेंडर्स के साथ-साथ मजदूर वर्ग को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और क्षेत्र में सुव्यवस्थित रोजगार का वातावरण तैयार होगा।
सांसद संजय सेठ ने कहा कि छोटे व्यवसायियों और श्रमिकों को सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। नगर निगम और संबंधित विभागों के समन्वय से इस योजना को शीघ्र धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम स्ट्रीट वेंडर्स के हितों की रक्षा और उनके लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जाएगा ताकि शहर में व्यवस्थित वेंडिंग व्यवस्था विकसित हो सके।
निरीक्षण के दौरान वार्ड 32 के पार्षद संजय कुमार, वार्ड 33 की पार्षद पुष्पा टोप्पो, वार्ड 34 के पार्षद अजीत कच्छप, अशोक मुंडा, सुबेश पांडेय, देवन होंडा, सुशील कुमार तथा मनोज चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
इस पहल को पंडरा क्षेत्र के स्ट्रीट वेंडर्स और दैनिक श्रमिकों के लिए एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। यदि प्रस्तावित योजना को मंजूरी मिलती है, तो हजारों छोटे व्यवसायियों को स्थायी पहचान, सुरक्षित कार्यस्थल और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
Reviewed by PSA Live News
on
10:38:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: