ब्लॉग खोजें

काँके को स्वास्थ्य और शिक्षा की बड़ी सौगात: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया स्वास्थ्य उपकेंद्र का शिलान्यास, दो नए कक्षों का उद्घाटन


रांची।
काँके विधानसभा क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सौगात मिली। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री (भारत सरकार) एवं रांची लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय सेठ ने बुधवार को काँके प्रखंड के पंचायत काँके (पश्चिमी) स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कोल मैनेजमेंट (आईआईसीएम) परिसर के समीप पंचायत सचिवालय के बगल में लगभग 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन का विधिवत शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय, बोड़िया में सांसद निधि से 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो नए कक्षों का उद्घाटन भी किया।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। नए स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण से आसपास के हजारों ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के निकट उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें इलाज के लिए शहर या दूर-दराज के अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार अनेक योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। इस स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में गांव-गांव तक विकास पहुंच रहा है।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने राजकीय उच्च विद्यालय, बोड़िया में सांसद निधि से निर्मित दो नए कक्षों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर आधारभूत संरचना अत्यंत आवश्यक है। नए कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को पर्याप्त स्थान मिलेगा, पढ़ाई का वातावरण बेहतर होगा तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और विद्यालय में अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। स्वास्थ्य उपकेंद्र बनने से ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं विद्यालय में नए कक्ष बनने से छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

कार्यक्रम में काँके विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि अर्जुन राम, काँके प्रखंड के उप-प्रमुख अंजय बैठा, जिला परिषद सदस्य किरण देवी, भाजपा काँके मंडल अध्यक्ष प्रभात भूषण, दीपक महतो, भाजपा बोड़िया मंडल अध्यक्ष सुकेश नारायण तिवारी, मंडल उपाध्यक्ष विजय साहू, नीलकंठ शाहदेव, महामंत्री सुचित सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज शाहदेव, वरिष्ठ समाजसेवी अविनाश कुमार, भाजपा युवा नेता शुभम साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण और शैक्षणिक आधारभूत संरचना के विस्तार से काँके क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ प्राप्त होगा।

काँके को स्वास्थ्य और शिक्षा की बड़ी सौगात: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया स्वास्थ्य उपकेंद्र का शिलान्यास, दो नए कक्षों का उद्घाटन काँके को स्वास्थ्य और शिक्षा की बड़ी सौगात: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया स्वास्थ्य उपकेंद्र का शिलान्यास, दो नए कक्षों का उद्घाटन Reviewed by PSA Live News on 4:47:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.