सावन से पहले अलर्ट मोड में रांची नगर निगम: महापौर रोशनी खलखो ने स्वर्णरेखा घाट का किया निरीक्षण, शिवभक्तों की सुविधाओं के लिए दिए विशेष निर्देश
रांची, 14 जुलाई। सावन माह में जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को रांची की महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने नामकुम स्थित स्वर्णरेखा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया और साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का आदेश दिया।
महापौर ने कहा कि सावन के पावन महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी से पवित्र जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए प्रसिद्ध पहाड़ी बाबा मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। ऐसे में नगर निगम की प्राथमिकता होगी कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वर्णरेखा घाट की व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। घाट परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाए ताकि रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने तथा पूरे पदयात्रा मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक सभी नागरिक सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं।
महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण प्रदान करना भी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी तैयारियों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि सावन के दौरान स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नागरिक भी सहयोग करें, कचरा इधर-उधर न फैलाएं तथा नगर निगम द्वारा किए जा रहे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी महापौर को क्षेत्र की आवश्यकताओं से अवगत कराया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्री पवन तिर्की, मंडल अध्यक्ष श्री अशोक गोप, श्री धर्मेंद्र सिंह, श्री धनंजय वर्मा, श्री जुगनू साहू, श्री गोपाल लोहिया, श्री राकेश सिंह, श्री शिव राम दास, श्री नवीन सोनी, नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
महापौर के इस निरीक्षण को सावन माह की तैयारियों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नगर निगम का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी, ताकि भगवान शिव के भक्तों को जलाभिषेक के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
Reviewed by PSA Live News
on
8:26:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: