मधुबनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 19.9 लीटर कोडीन सिरप, 11.42 लाख नेपाली मुद्रा, 5.33 लाख भारतीय नकदी समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
मधुबनी/लदनियां। भारत-नेपाल सीमा से सटे मधुबनी जिले के लदनियां थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और विदेशी मुद्रा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 19.9 लीटर कोडीन युक्त कफ सिरप, 11.42 लाख नेपाली मुद्रा, 5.33 लाख रुपये से अधिक भारतीय नकदी, नकली नेपाली करेंसी, विदेशी मुद्रा और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कोडीन युक्त सिरप की तस्करी भारत-नेपाल सीमा के रास्ते की जा रही थी और इसके साथ विदेशी मुद्रा के अवैध लेन-देन का भी नेटवर्क सक्रिय था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ब्रह्मदेव कुमार राम (पिपराही), बब्लू कुमार चौधरी (खाजेडीह) और शम्भू प्रसाद साह (पिपराही), थाना लदनियां, जिला मधुबनी के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर रची गई घेराबंदी
मामले की शुरुआत 12 जुलाई 2026 की रात हुई, जब लदनियां थाना पुलिस विशेष छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ठाढ़ी गांव से कड़हरवा होते हुए एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में कोडीन युक्त सिरप लेकर गाढ़ा गांव की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कड़हरवा के समीप घेराबंदी कर दी। कुछ ही देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बोरा लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से कड़हरवा दरोगा चापी के पास उसे दबोच लिया गया।
पूछताछ में उसने अपनी पहचान ब्रह्मदेव कुमार राम के रूप में बताई। उसके पास मौजूद बोरे की तलाशी लेने पर 19 लीटर कोडीन युक्त सिरप बरामद हुआ। साथ ही एक मोबाइल फोन भी मिला, जिसमें पैसों के लेन-देन से जुड़े स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले।
पूछताछ में खुला मेडिकल स्टोर का राज
पुलिस पूछताछ में ब्रह्मदेव कुमार राम ने खुलासा किया कि वह यह सिरप खाजेडीह चौक स्थित बब्लू मेडिकल हॉल से खरीदकर नेपाल सीमा क्षेत्र में बेचता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह लंबे समय से इसी मेडिकल स्टोर से कोडीन सिरप खरीदकर तस्करी करता आ रहा था।
इसके बाद पुलिस तत्काल बब्लू मेडिकल हॉल पहुंची। पुलिस को देखते ही दुकान में मौजूद व्यक्ति भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। उसकी पहचान बब्लू कुमार चौधरी के रूप में हुई।
पूछताछ में बब्लू ने स्वीकार किया कि मेडिकल हॉल उसका और उसके भाई दीपक कुमार चौधरी का है तथा दोनों मिलकर दुकान का संचालन करते हैं। पुलिस द्वारा दुकान की तलाशी लेने पर 0.9 लीटर कोडीन युक्त सिरप, एक एंड्रॉयड मोबाइल और 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
विदेशी मुद्रा के अवैध कारोबार का भी हुआ खुलासा
ब्रह्मदेव और बब्लू से पूछताछ के दौरान पुलिस को पिपराही निवासी शम्भू प्रसाद साह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपितों ने बताया कि शम्भू नेपाली मुद्रा और भारतीय मुद्रा के अवैध विनिमय का काम करता था तथा कोडीन सिरप के कारोबार में निवेश भी करता था। मुनाफे की रकम आपस में बांटी जाती थी।
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने पिपराही स्थित उसकी दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी और भारतीय मुद्रा बरामद की।
छापेमारी में क्या-क्या मिला
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल मिलाकर निम्नलिखित सामान बरामद किया—
- 19.9 लीटर कोडीन युक्त कफ सिरप
- 11,42,100 रुपये की नेपाली मुद्रा
- 750 रुपये की नकली नेपाली करेंसी
- 5,33,101 रुपये भारतीय नकद
- सऊदी अरब के 6 रियाल
- संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के 5 दिरहम
- दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन
- एक कीपैड मोबाइल फोन
सीमा पार तस्करी और हवाला नेटवर्क की जांच तेज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच से यह संकेत मिले हैं कि यह केवल अवैध कोडीन सिरप की तस्करी का मामला नहीं है, बल्कि इसके तार विदेशी मुद्रा के अवैध विनिमय, सीमा पार आर्थिक लेन-देन और संभावित हवाला नेटवर्क से भी जुड़े हो सकते हैं। जब्त मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, जिससे इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिल सके।
भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी लंबे समय से कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनी हुई है। इस कार्रवाई को इस अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
अन्य आरोपितों की तलाश जारी
लदनियां थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज, सप्लाई चेन, वित्तीय लेन-देन और अन्य सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध विदेशी मुद्रा कारोबार और इससे जुड़े संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Reviewed by PSA Live News
on
10:19:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: