संवाददाता - सुजीत कुमार मिश्र
मधुबनी । विश्व ग्रामीण विकास दिवस के शुभ अवसर पर संदीप विश्वविद्यालय, सिजौल, मधुबनी में सोमवार को विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ. अभिषेक ठाकुर की अध्यक्षता में दो सत्रों में गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना, विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा ग्रामीण भारत के समग्र विकास के लिए सकारात्मक सहभागिता सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में विश्वविद्यालय के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के आसपास स्थित गांवों का भ्रमण कर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को शिक्षा, स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता, आत्मनिर्भरता तथा विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उन्हें सतत विकास एवं सामाजिक सशक्तिकरण के महत्व से अवगत कराया। ज्ञातव्य है कि विश्व ग्रामीण विकास दिवस प्रत्येक वर्ष 6 जुलाई को मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सतत विकास, कृषि उन्नयन, सामाजिक तथा ग्रामीण समुदायों के सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित करना है।
द्वितीय सत्र में आयोजित विचार गोष्ठी में ग्रामीण विकास के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि इस दिवस का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण गरीबी एवं भुखमरी का उन्मूलन, जलवायु-अनुकूल आजीविका को बढ़ावा देना, डिजिटल एवं वित्तीय समावेशन को प्रोत्साहित करना तथा महिलाओं एवं युवाओं को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास केवल सड़क, भवन एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कौशल विकास, उद्यमिता और सतत आजीविका के माध्यम से प्रत्येक ग्रामीण की अंतर्निहित क्षमता को विकसित करने की एक व्यापक एवं सतत प्रक्रिया है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों से ग्रामीण समाज के प्रति संवेदनशील बनने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की सबसे बड़ी आधारशिला है।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की ओर से कॉपी, कलम एवं बिस्कुट का वितरण भी किया गया। इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की तथा विद्यार्थियों के सेवा भाव की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षकगण, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी समाजोपयोगी एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण विकास की दिशा में निरंतर योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।
Reviewed by PSA Live News
on
6:20:00 pm
Rating:





कोई टिप्पणी नहीं: