जियो-टैग फोटो के साथ देनी होगी कार्य की रिपोर्ट, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मधुबनी, 15 जुलाई 2026। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच आम लोगों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़कों पर बने गड्ढों (पॉटहोल्स) की तत्काल पहचान कर उनकी मरम्मत कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि बरसात के दौरान सड़कों पर बने गड्ढे दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यपालक अभियंताओं एवं संबंधित विभागों को पत्र जारी कर निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्राधिकार की सभी सड़कों का व्यापक निरीक्षण करें तथा प्राथमिकता के आधार पर गड्ढों की मरम्मत का कार्य तत्काल प्रारंभ कर समयबद्ध ढंग से पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की अनदेखी आमजन की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ होगा।
डीएम ने विशेष रूप से निर्देश दिया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य उच्च पथ, प्रमुख जिला सड़क, ग्रामीण सड़क सहित सभी श्रेणी की सड़कों पर बने गड्ढों की पहचान कर उन्हें बिना विलंब भरा जाए। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि बरसात के दौरान सड़कें सुरक्षित और यातायात योग्य बनी रहें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क मरम्मत कार्य के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करें और किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा को तत्काल दूर करते हुए कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करें। साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर नियमित निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद मरम्मत से पहले और बाद की जियो-टैग फोटो प्रतिवेदन के साथ उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। इससे कार्य की पारदर्शिता और गुणवत्ता की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समय-समय पर कार्य प्रगति की रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
जिला प्रशासन ने कहा है कि वर्षा ऋतु के दौरान सड़क सुरक्षा और निर्बाध यातायात बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सभी संबंधित विभागों को पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने तथा आम जनता को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन का मानना है कि समय पर गड्ढों की मरम्मत होने से न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि लोगों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से भी राहत मिलेगी। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है।
Reviewed by PSA Live News
on
7:41:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: