रांची नगर निगम बोर्ड बैठक में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के कई अहम सुझाव, 'स्वच्छ वार्ड पुरस्कार' की घोषणा से बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा
रांची: रांची नगर निगम की बोर्ड बैठक में शनिवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ विशेष रूप से शामिल हुए। बैठक में शहर के समग्र विकास, स्वच्छता, स्वास्थ्य, यातायात व्यवस्था, जलनिकासी, हरित पर्यावरण तथा नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नगर निगम के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ शहर को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए कई ठोस सुझाव सामने आए।
बैठक के दौरान रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि रांची तेजी से विकसित हो रहा शहर है और इसके अनुरूप नागरिक सुविधाओं का विस्तार तथा आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों की समस्याओं एवं विकास संबंधी सुझाव साझा करने का आग्रह किया ताकि योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंच सके।
बैठक में प्रत्येक वार्ड में कंप्यूटर बस के माध्यम से डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों को डिजिटल साक्षरता से जोड़कर उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जा सके। साथ ही रांची को "फैटी लिवर मुक्त शहर" बनाने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी सहमति बनी, ताकि लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक हों।
शहर की प्रमुख समस्याओं में शामिल स्टेशन रोड पर जलजमाव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। बैठक में बताया गया कि बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने तथा नालियों का गंदा पानी सड़कों पर आने से यात्रियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके कारण पूरे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल जाती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
बैठक में एयरपोर्ट रोड के सौंदर्यीकरण, ट्रैफिक पुलिस पोस्ट के आसपास बेहतर नागरिक सुविधाओं के विकास, तथा रातू रोड स्थित वेंडरों एवं सब्जी बाजार को पंडरा बाजार समिति के समीप खाली पड़ी भूमि पर सुव्यवस्थित ढंग से स्थानांतरित करने के प्रस्तावों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इन कदमों से यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ आम नागरिकों और दुकानदारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल होगी।
इसके अलावा मोराबादी बाजार, जो सप्ताह में दो दिन लगता है, उसे व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने, शहर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान, पार्कों के विकास, व्यापक वृक्षारोपण अभियान तथा हरित रांची के निर्माण को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
बैठक के दौरान रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सभी पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिक सुरक्षा समितियों के गठन का भी सुझाव दिया। उनका मानना है कि स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से सुरक्षा, स्वच्छता और सामाजिक समन्वय को और मजबूत किया जा सकता है।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय स्वच्छता को जनभागीदारी का जनआंदोलन बनाने की दिशा में लिया गया। इसी उद्देश्य से केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने घोषणा की कि प्रत्येक माह रांची के सबसे स्वच्छ वार्ड को "स्वच्छ वार्ड पुरस्कार" देकर सम्मानित किया जाएगा। उनका विश्वास है कि इस पहल से सभी वार्डों के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा विकसित होगी और पार्षद, नगर निगम तथा आम नागरिक मिलकर शहर को अधिक स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रेरित होंगे।
बैठक के अंत में यह संकल्प दोहराया गया कि रांची को स्वच्छ, सुरक्षित, हरित, आधुनिक और नागरिक सुविधाओं से समृद्ध एक आदर्श शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही संभव है। जनभागीदारी ही रांची के समग्र विकास की सबसे बड़ी ताकत बनेगी।
कोई टिप्पणी नहीं: