ब्लॉग खोजें

जगन्नाथपुर रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने किया स्थलीय निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, रथ मार्ग से अतिक्रमण हटाने, बिजली के तार हटाने और समतलीकरण के दिए निर्देश




रांची।
राजधानी रांची की ऐतिहासिक एवं धार्मिक आस्था का केंद्र जगन्नाथपुर रथयात्रा और मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने वरीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जगन्नाथपुर रथयात्रा मार्ग, मंदिर परिसर तथा मौसीबाड़ी का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि रथयात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर व्यवस्थाएं जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूरे रथयात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे मार्ग का समुचित समतलीकरण कराया जाए तथा कहीं भी कंकड़, गड्ढे, उबड़-खाबड़ सतह अथवा अन्य किसी प्रकार की बाधा नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रथ के सुचारू संचालन के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए मार्ग की विशेष सफाई अभियान चलाकर पूरी तरह स्वच्छ बनाया जाए।

उपायुक्त ने रथयात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे आयोजन के दौरान मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रहना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं, आपातकालीन वाहनों और प्रशासनिक टीमों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित निगरानी रखने का भी निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान रथयात्रा मार्ग के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को लेकर भी विशेष चिंता व्यक्त की गई। उपायुक्त ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी खतरनाक अथवा बाधक बिजली के तारों को हटाकर सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे रथ के संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका समाप्त हो सके।

उन्होंने मंदिर परिसर एवं रथयात्रा क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर भी विशेष जोर दिया। उपायुक्त ने आम श्रद्धालुओं, दुकानदारों तथा मंदिर समिति से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह बंद किया जाए और स्वच्छ एवं हरित आयोजन को सफल बनाने में सभी सहयोग करें।

इसके बाद उपायुक्त ने मौसीबाड़ी परिसर का निरीक्षण किया, जहां भगवान जगन्नाथ के प्रवास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने यहां टेंट व्यवस्था को और बेहतर बनाने, पर्याप्त पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय से पहले उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता की हों।

निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी पुलिस वॉच टावरों को पूर्णतः कार्यशील रखने तथा प्रत्येक वॉच टावर पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सड़क के डिवाइडरों पर किसी भी प्रकार की दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाए। उन्होंने कहा कि इससे यातायात व्यवस्था बाधित होने के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण में भी परेशानी उत्पन्न हो सकती है। इसलिए प्रशासनिक टीम लगातार निगरानी रखे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे।

निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री पारस राणा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री धनंजय, पुलिस उपाधीक्षक हटिया श्री नीरज कुमार, संबंधित थाना प्रभारी, मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जगन्नाथपुर रथयात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित धार्मिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। प्रशासन का उद्देश्य इस वर्ष की रथयात्रा को शांतिपूर्ण, भव्य और जनसुविधाओं के दृष्टिकोण से आदर्श आयोजन के रूप में संपन्न कराना है।

जगन्नाथपुर रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने किया स्थलीय निरीक्षण जगन्नाथपुर रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने किया स्थलीय निरीक्षण Reviewed by PSA Live News on 10:02:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.