सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सांस्कृतिक मंच पर झूमर, नागपुरी नृत्य और नुक्कड़ नाटक ने बांधा समां, पद्मश्री मधुमंसूरी हंसमुख ने की पहल की सराहना
रांची । ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, झारखंड सरकार द्वारा आयोजित प्रचारात्मक सांस्कृतिक कार्यक्रम लगातार लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कार्यक्रम के आठवें दिन गुरुवार को विभाग के सांस्कृतिक मंच पर झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का शानदार संगम देखने को मिला। कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, वहीं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेशों को भी प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खुखुरागढ़ सांस्कृतिक कला केंद्र के कलाकार सुदामा सिंह द्वारा भगवान जगन्नाथ की वंदना से हुआ। इसके बाद मर्दानी झूमर और नागपुरी गीत-नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने पूरे परिसर को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। पारंपरिक वेशभूषा और लोकवाद्यों की मधुर धुन पर कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर मंच पर पहुंचे पद्मश्री मधुमंसूरी हंसमुख ने झारखंड सरकार और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की इस पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विभाग केवल सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार ही नहीं कर रहा है, बल्कि झारखंड की समृद्ध लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए कलाकारों को एक सशक्त मंच भी उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने इसे राज्य की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सरकार और विभाग को बधाई दी।
कार्यक्रम में परफॉर्मिंग आर्ट सेंटर की कलाकार नीतू देवी के नेतृत्व में नागपुरी गीत-नृत्य के साथ राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रचारात्मक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से दी गई।
वहीं हीरा नागपुर सांस्कृतिक कला केंद्र के कलाकार रतन लोहरा के नेतृत्व में नागपुरी गीत-नृत्य के साथ नशा मुक्ति विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के दुष्परिणामों को मार्मिक ढंग से प्रस्तुत करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित यह सांस्कृतिक कार्यक्रम कला, संस्कृति और जनसंचार के प्रभावी समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रहा है। एक ओर जहां लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर आमजन तक सरकार की विकासोन्मुखी योजनाओं और सामाजिक जागरूकता के संदेश भी सहज रूप से पहुंच रहे हैं।
विभाग ने बताया कि 24 जुलाई को कार्यक्रम के नौवें दिन प्रज्वलित विहार के आर.आर. मेहता के नेतृत्व में उरांव लोकगीत-नृत्य, छोटानागपुरी कला केंद्र के मेघनाथ महतो के नेतृत्व में नागपुरी गीत-नृत्य तथा समाज कल्याण मंच के हरिराम करमाली के नेतृत्व में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। जबकि 25 जुलाई को घूरती रथ मेला के अवसर पर इस सांस्कृतिक श्रृंखला का भव्य समापन होगा।
आज के आयोजन को सफल बनाने में विभागीय टीम के राजेश बड़ाईक, सोमनाथ मिंज, सुलेखा मीना कच्छप, एकलव्य भगत, छोटी तिर्की, पूनम, अमित, अजय तथा अनुज उरांव सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
Reviewed by PSA Live News
on
7:49:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: