प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को नशे से दूर रहने, ‘वोकल फॉर लोकल’ अपनाने और जनभागीदारी से विकसित भारत के निर्माण का किया आह्वान
रांची। भाजपा नेता संजय कुमार जायसवाल ने रविवार को अपने बूथ संख्या 26 पर स्थानीय मतदाताओं, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के बाद उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और उन्हें व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने और नशामुक्त भारत के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों से युवाओं को बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में “नशामुक्त युवा, नशामुक्त भारत” का संदेश प्रमुखता से चर्चा में रहा। उपस्थित लोगों ने माना कि देश के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ के माध्यम से स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का भी संदेश दिया। आने वाले त्योहारों के अवसर पर भारत में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने तथा स्थानीय कारीगरों, छोटे कारोबारियों और उद्यमियों के उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की गई। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के अभियान को भी गति देने पर जोर दिया गया।
‘मन की बात’ में महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के महत्व को भी रेखांकित किया गया। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उन्हें उद्यम और रोजगार के अवसरों से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण में उपयोग करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी को देश के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के संदेशों में देश के इतिहास, संस्कृति और स्थानीय परंपराओं से जुड़ने तथा सामूहिक प्रयासों के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की भावना भी प्रमुख रही।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता संजय कुमार जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को देशहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता और प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना, स्वच्छता के प्रति जागरूक रहना और समाज के विकास में अपनी भूमिका निभाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
इस अवसर पर राजकुमार जायसवाल, शुभम कुमार जायसवाल, अबिनाश राय, रामू उरांव, विजय साव, तरुण जायसवाल, ओम प्रकाश गुप्ता, सुरेंद्र चौधरी, संतोष चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
Reviewed by PSA Live News
on
9:04:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: