ब्लॉग खोजें

पुत्रदा एकादशी पर दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में भक्तिमय अनुष्ठान

श्रीवैष्णवानाम् एकादशी के उपलक्ष्य में विधि-विधान से हुआ महाभिषेक, तिरूवाराधनम् एवं महाप्रसाद वितरण


राँची।
नगर के पहाड़ी मंदिर के समीप स्थित दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर में 24 अगस्त, सोमवार को श्रावण शुक्ल पक्ष की पुत्रदा एकादशी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। श्रीवैष्णव परंपरा के अनुसार इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ परात्पर ब्रह्म, अखिलांड कोटि ब्रह्मांडनायक श्रीपद्मावती वल्लभ भगवान के प्रातः वंदन, सुप्रभातम्, मंगलाशासनम् एवं करावलंबम् से हुआ। इसके पश्चात षोडशोपचार विधि से विधिवत तिरूवाराधनम् संपन्न कराया गया। उद्यास्तमन सेवा के साथ भगवान श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर एवं श्रीपद्मावती देवी का विशेष महाभिषेक भी किया गया।

महाभिषेक के दौरान भगवान दंपति को क्रमशः दूध, दही, हल्दी, चंदन, शहद, डाभयुक्त जल एवं गंगाजल से अभिषेक कराया गया। धार्मिक मंत्रोच्चार और वैदिक परंपराओं के बीच संपन्न हुए इस अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

महाभिषेक के उपरांत भगवान को नवीन वस्त्र एवं आभूषणों से अलंकृत कर आकर्षक शृंगार किया गया। इसके बाद फलाहारी व्यंजनों का बालभोग नैवेद्य अर्पित किया गया और विधिवत महाआरती की गई। भक्तों ने आरती में शामिल होकर भगवान से सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार के मंगल की कामना की।

इसके बाद भगवान दंपति के दिव्य कल्याण स्वरूप का वेद, उपनिषद तथा श्री वेदान्तदेशिक स्वामी द्वारा रचित स्तोत्रों के माध्यम से स्तवन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों की अगली कड़ी में तदियाराधन, शठारी, गोष्ठी एवं तीर्थ का आयोजन हुआ। अंत में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

इस अवसर पर उद्यास्तमन सेवा सहित महाभिषेक के यजमान के रूप में राँची निवासी श्री पुलक सिंघानिया एवं धर्मपत्नी श्रीमती आयुषी सिंघानिया ने सहभागिता की।

मंदिर के अर्चक श्री सत्यनारायण गौतम, श्री गोपेश आचार्य एवं श्री नारायण दास जी ने आपसी समन्वय के साथ सभी धार्मिक अनुष्ठानों को विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराया।

आयोजन को सफल बनाने में मुख्य रूप से श्री राम अवतार नरसरिया, श्री अनूप अग्रवाल, श्री प्रदीप नरसरिया, श्री घनश्याम दास शर्मा, श्री रंजन सिंह, श्री सुशील लोहिया, श्री ओमप्रकाश गाड़ोदिया, श्री शम्भुनाथ पोद्दार, श्री प्रभाष मित्तल, श्रीमती सीता शर्मा, श्रीमती यशोदा देवी, श्री विनोद दुबे, श्रीमती किरण शर्मा सहित अन्य श्रद्धालुओं एवं भक्तों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुत्रदा एकादशी के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम ने मंदिर परिसर को पूरे दिन भक्ति, वैदिक मंत्रोच्चार और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रखा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर एवं श्रीपद्मावती देवी के दर्शन कर पुण्य एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।

पुत्रदा एकादशी पर दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में भक्तिमय अनुष्ठान पुत्रदा एकादशी पर दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में भक्तिमय अनुष्ठान Reviewed by PSA Live News on 8:00:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.