ब्लॉग खोजें

नेपाल में भीषण बाढ़ का कहर: 8 की मौत, 300 से अधिक लापता; 105 भारतीय पर्यटकों की तलाश तेज


रसुवा।
नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। टिमुरे बाजार और रसुवा सीमा नाके के कस्टम क्षेत्र में बाढ़ के तेज बहाव से कई वाहन बह गए और बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। अब तक 8 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 300 से अधिक पर्यटकों और पदयात्रियों के लापता होने की सूचना है। इनमें 105 भारतीय पर्यटक भी शामिल बताए जा रहे हैं।

नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, पर्यटन एवं ट्रैवल कंपनियों से मिले शुरुआती आंकड़ों में प्रभावित क्षेत्रों से 384 यात्रियों के लापता होने की जानकारी मिली है। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। हालांकि, इन आंकड़ों का सत्यापन ट्रैवल एजेंसियों, गाइड, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से किया जा रहा है।

लापता विदेशी नागरिकों में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड्स, अमेरिका, मलेशिया, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका के पर्यटक शामिल बताए गए हैं। पर्यटन बोर्ड, पर्यटक पुलिस, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। ट्रेकिंग गाइडों की मदद से दुर्गम इलाकों में भी खोज अभियान चलाया जा रहा है।

15 हेलीकॉप्टरों से बड़े पैमाने पर रेस्क्यू अभियान

नेपाल सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल राजाराम बस्नेत के मुताबिक, बुसी और तुसु समेत प्रभावित इलाकों से अब तक 25 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। राहत एवं बचाव अभियान में कुल 15 हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं, जिनमें 7 नेपाली सेना और 8 अन्य एजेंसियों के हेलीकॉप्टर शामिल हैं।

13 जलविद्युत परियोजनाएं प्रभावित

अचानक आई बाढ़ से क्षेत्र की 13 जलविद्युत परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। भोटेकोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

मेडिकल सेंटर में घायलों का इलाज

बचाव अभियान के साथ प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है। मछली ट्रेनिंग कैंप में मेडिकल सेंटर बनाया गया है, जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है। मेडिकल टीमों के साथ बचाव दलों को भी प्रभावित इलाकों में तैनात किया गया है।

प्रशासन की प्राथमिकता लापता पर्यटकों और स्थानीय लोगों का जल्द से जल्द पता लगाकर उन्हें सुरक्षित निकालना है।

नेपाल में भीषण बाढ़ का कहर: 8 की मौत, 300 से अधिक लापता; 105 भारतीय पर्यटकों की तलाश तेज नेपाल में भीषण बाढ़ का कहर: 8 की मौत, 300 से अधिक लापता; 105 भारतीय पर्यटकों की तलाश तेज Reviewed by PSA Live News on 5:28:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.