ब्लॉग खोजें

एडवोकेट रोहित मालवाल व रजनीश गुरी ने रक्षाबंधन महोत्सव में दिया संस्कारों और सामाजिक समरसता का संदेश

रक्षाबंधन महोत्सव एवं मेहंदी प्रतियोगिता में महिलाओं व बच्चों ने उत्साह से लिया भाग


हरियाणा/हिसार (राजेश सलूजा)।
गांव ढाणी खान बहादुर में सेवा भारती बरवाला इकाई की ओर से रक्षाबंधन महोत्सव एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मेहंदी की आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।जिला अध्यक्ष सेवा भारती प्रेम चूघ ने सभी उपस्थित जनों का कार्यक्रम में पहुंचने पर स्वागत किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एडवोकेट रोहित मालवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में परमेश्वरी देवी,ओमपति,वरिष्ठ समाजसेवी राजबाला धर्मपत्नी रामनिवास खोवाल,कमलेश,रजनीश गुरी ने शिरकत की। इस अवसर पर सरपंच मास्टर विजय सिंह, मास्टर जसवंत, जोगीराम, शिशपाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि एडवोकेट रोहित मालवाल ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि समाज में आपसी स्नेह, सम्मान और भाईचारे की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने मेहंदी प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रतिभागियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बेटियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच और प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है। सेवा भारती द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर समाज में सेवा और संस्कार की भावना को मजबूत किया जा रहा है।

विशिष्ट अतिथि रजनीश गुरी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन का विशेष महत्व है। यह पर्व भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ-साथ परिवार और समाज में प्रेम, विश्वास एवं अपनत्व को बढ़ाने का संदेश देता है। मेहंदी प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां बच्चों और महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने सेवा भारती की ओर से आयोजित इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का कार्य निरंतर किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने सुंदर एवं आकर्षक मेहंदी डिजाइन बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। उपस्थित अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और सेवा भावना को बढ़ावा देना रहा।

इस अवसर पर ग्रामीणों एवं सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह एवं उल्लास का माहौल बना रहा।

एडवोकेट रोहित मालवाल व रजनीश गुरी ने रक्षाबंधन महोत्सव में दिया संस्कारों और सामाजिक समरसता का संदेश एडवोकेट रोहित मालवाल व रजनीश गुरी ने रक्षाबंधन महोत्सव में दिया संस्कारों और सामाजिक समरसता का संदेश Reviewed by PSA Live News on 9:25:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.