219वें उर्स में शामिल हुए मुख्यमंत्री, प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का दिया संदेश
रांची। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने रविवार को रांची के डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की मजार पर आयोजित 219वें उर्स में शामिल होकर परंपरागत रूप से चादरपोशी की। इस अवसर पर उन्होंने झारखंड की सुख-समृद्धि, अमन-चैन, प्रगति और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
मुख्यमंत्री ने मजार पर श्रद्धापूर्वक चादर चढ़ाते हुए राज्यवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की शिक्षाएं प्रेम, भाईचारे, इंसानियत और आपसी सौहार्द का संदेश देती हैं। उनके संदेश आज भी समाज में आपसी सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
श्री सोरेन ने उर्स के पावन अवसर पर राज्यवासियों के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि झारखंड में सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारा और एकजुटता की भावना निरंतर मजबूत हो। उन्होंने उर्स में शामिल सभी अकीदतमंदों एवं राज्यवासियों को उर्स की शुभकामनाएं दीं।
रिसालदार बाबा की मजार पर आयोजित उर्स में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लिया। पूरे परिसर में धार्मिक आस्था और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। उर्स को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा और लोगों ने राज्य में शांति, तरक्की तथा खुशहाली की दुआ मांगी।
Reviewed by PSA Live News
on
10:31:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: