ब्लॉग खोजें

मधुबनी के 5.11 लाख पेंशनधारियों के खातों में 59.47 करोड़ रुपये अंतरित

पेंशनधारियों की संख्या और अंतरित राशि के मामले में जिला राज्य में अव्वल




मधुबनी, 10 सितंबर 2026।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत मधुबनी जिले के 5,11,977 पेंशनधारियों के बैंक खातों में गुरुवार को 59 करोड़ 47 लाख 99 हजार 900 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। पेंशनधारियों की संख्या और अंतरित राशि, दोनों के मामले में मधुबनी जिला राज्य में प्रथम स्थान पर रहा।

पटना में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों के खातों में राशि का अंतरण किया। इसके साथ ही जिले के वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की पहल को गति मिली।

जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 2,73,951 लाभुकों के खातों में 32.96 करोड़ रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1,48,782 लाभुकों के खातों में 16.38 करोड़ रुपये अंतरित किए गए।

इसी प्रकार लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 20,858 लाभुकों को 2.41 करोड़ रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 32,271 लाभुकों को 3.60 करोड़ रुपये, बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना के 29,917 लाभुकों को 3.42 करोड़ रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना के 6,198 लाभुकों के खातों में 68.45 लाख रुपये भेजे गए।

समाहरणालय स्थित सभा कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उप विकास आयुक्त तुषार कुमार भी समारोह से जुड़े। उन्होंने जिले के सभी पेंशनधारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि पात्र लाभुकों तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और सुचारु तरीके से पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि के नियमित एवं निर्बाध अंतरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मधुबनी में एक साथ 5.11 लाख से अधिक पेंशनधारियों को करीब 59.48 करोड़ रुपये का अंतरण सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

मधुबनी के 5.11 लाख पेंशनधारियों के खातों में 59.47 करोड़ रुपये अंतरित मधुबनी के 5.11 लाख पेंशनधारियों के खातों में 59.47 करोड़ रुपये अंतरित Reviewed by PSA Live News on 11:32:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.