करमटोली, अरगोड़ा और हरमू फ्लाईओवर के टेंडर फाइनल; दुर्गा पूजा के बाद जमीनी स्तर पर शुरू होगा काम
रांची। राजधानी रांची में बढ़ते यातायात दबाव और लगातार लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने की दिशा में बड़ी पहल होने जा रही है। शहर में करमटोली, अरगोड़ा और हरमू फ्लाईओवर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इन तीनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के टेंडर फाइनल कर दिए गए हैं और अब निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी चल रही है।
जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2026 में दुर्गा पूजा समाप्त होने के बाद तीनों फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को जमीन पर उतारने की तैयारी है। इन परियोजनाओं का निर्माण स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (SHAJ) की ओर से कराया जाएगा।
तीनों फ्लाईओवर के निर्माण से शहर के प्रमुख व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। खासकर करमटोली, अरगोड़ा और हरमू क्षेत्र में पीक आवर के दौरान वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। फ्लाईओवर बनने के बाद इन मार्गों पर वाहनों के निर्बाध आवागमन और जाम की समस्या में कमी आने की संभावना है।
निर्माण कार्य शुरू होने के साथ संबंधित इलाकों में यातायात डायवर्जन, निर्माण सामग्री की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्रबंध किए जाने की जरूरत होगी, ताकि निर्माण के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
राजधानी के लिए इन तीनों फ्लाईओवर परियोजनाओं को महत्वपूर्ण शहरी आधारभूत संरचना के रूप में देखा जा रहा है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि दुर्गा पूजा के बाद निर्माण कार्य कितनी तेजी से शुरू होता है और परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में कब तक पूरी होती हैं।
Reviewed by PSA Live News
on
7:21:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: