ब्लॉग खोजें

भर्ती सुधार यात्रा का रांची में समापन

देवेंद्र नाथ महतो बोले—यात्रा संपन्न हुई है, आंदोलन नहीं


रांची, 11 सितंबर।
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितता, धांधली एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों की ओर से चलायी जा रही राज्यव्यापी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का शुक्रवार को राजधानी रांची में समापन हुआ। यात्रा के 18वें दिन छात्रों ने करीब सात किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकालकर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग उठायी।

पदयात्रा की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद छात्र रेडियम रोड होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। यहां परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। चौक पर आयोजित सभा को यात्रा के नेतृत्वकर्ता एवं छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने संबोधित किया। बड़ी संख्या में छात्रों और आम लोगों की मौजूदगी के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

इसके बाद पदयात्रा कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल पहुंची, जहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद यात्रा का औपचारिक समापन किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि “छात्रों की यात्रा संपन्न हुई है, आंदोलन नहीं।” उन्होंने कहा कि सरकार को अपने वादे के अनुरूप नियुक्ति परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं से जुड़े साक्ष्य न्यायालय के समक्ष मजबूती से रखने चाहिए। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए सीबीआई जांच की अनुशंसा करने की मांग की।

महतो ने कहा कि राज्य के सभी 24 जिलों का भ्रमण कर छात्रों ने अभ्यर्थियों और आम लोगों के बीच भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूती से रखा है। अब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए ठोस कार्रवाई करे।

बताया गया कि न्यायालय में परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के साक्ष्य प्रस्तुत करने में सरकार की कथित उदासीनता के विरोध में यह यात्रा शुरू की गयी थी। यात्रा की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली नेमरा से हुई थी। 18 दिनों के दौरान राज्य के सभी 24 जिलों में जागरूकता अभियान चलाया गया।

राजधानी में आयोजित अंतिम पदयात्रा में स्टेट लाइब्रेरी, सेंट्रल लाइब्रेरी सहित विभिन्न स्थानों पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

देवेंद्र नाथ महतो ने स्पष्ट किया कि भर्ती सुधार यात्रा का समापन छात्रों के संघर्ष का अंत नहीं है। पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया, छात्रों के अधिकार और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

भर्ती सुधार यात्रा का रांची में समापन भर्ती सुधार यात्रा का रांची में समापन Reviewed by PSA Live News on 7:51:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.