छठी महोत्सव में बाल गोपाल का भव्य श्रृंगार, झूलन उत्सव और महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
रांची। परमहंस संत डॉ. सदानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का छठी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।
महोत्सव के अवसर पर भगवान श्री राधा-कृष्ण का आकर्षक आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया गया। बाल स्वरूप में भगवान श्रीकृष्ण को सुंदर झूले में विराजमान कर झूलन उत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भगवान को झूला झुलाया और सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कराई। भगवान को केसरिया खीर, पेड़ा, माखन-मिश्री, पंजीरी, फल एवं नारियल सहित विभिन्न व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।
पूजा के बाद भजन-जागरण का आयोजन हुआ। ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी एवं प्रणामी महिला समिति की सदस्यों ने अच्युतं केशवं कृष्ण दामोदरम्, राधे-राधे जपो चले आएंगे बिहारी तथा गोविंद बोलो, हरि गोपाल बोलो जैसे भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर कृष्णमय हो गया।
इस दौरान बाल श्रीकृष्ण की वेशभूषा में मनमोहक सजीव प्रस्तुति भी दी गई। बाल गोपाल के रूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और मंदिर परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के समापन पर भगवान श्री राधा-कृष्ण की विशेष सामूहिक महाआरती हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि छठी महोत्सव सनातन परंपरा में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व रखता है। ऐसे आयोजन श्रद्धा, संस्कार, भारतीय संस्कृति और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं।
महोत्सव में डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, सुरेश चौधरी, पवन पोद्दार, मनीष सोनी, संजय सर्राफ, विद्या देवी अग्रवाल, शोभा जालान, सुनीता अग्रवाल, उर्मिला पाड़िया, विमला जालान, संतोष देवी अग्रवाल, मंगला मोदी, आशा मुंजाल, पूनम अग्रवाल, ललिता अग्रवाल, अनीता जालान और सरिता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में ट्रस्ट सदस्य, प्रणामी महिला समिति की सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Reviewed by PSA Live News
on
7:58:00 am
Rating:



कोई टिप्पणी नहीं: