ब्लॉग खोजें

श्री सती सावित्री माता कोटड़ी वाली मैया का तृतीय वार्षिक महोत्सव हर्षोल्लास से संपन्न

101 महिलाओं ने राजस्थानी वेशभूषा में किया मंगलपाठ, भजनों पर देर तक झूमे श्रद्धालु

रांची। श्री मैंढ क्षत्रिय स्वर्णकार सभा, रांची, झारखंड के तत्वावधान में श्री सती सावित्री माता कोटड़ी वाली मैया जी का तृतीय वार्षिक महोत्सव सह मंगलपाठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में दिगंबर जैन भवन, रांची में आयोजित किया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए।

महोत्सव को लेकर माता श्री सती सावित्री कोटड़ी वाली मैया जी का भव्य एवं नयनाभिराम श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों, आभूषणों और आकर्षक सजावट से माता का दरबार विशेष रूप से सजाया गया था। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई तथा माता को सवामणि भोग एवं छप्पन भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की मंगलकामना के लिए माता से प्रार्थना की।

इसके बाद कोलकाता से आए प्रसिद्ध मंगलपाठ वाचक दीपक वर्मा एवं प्रीति वर्मा ने मधुर एवं भावपूर्ण स्वर में श्री सती सावित्री माता का मंगलपाठ प्रस्तुत किया। मंगलपाठ के दौरान पूरा सभागार भक्तिरस में डूब गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 101 महिलाओं की सामूहिक भागीदारी रही। महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में चुनरी ओढ़कर मंगलपाठ में हिस्सा लिया, जिससे आयोजन की भव्यता और धार्मिक गरिमा और बढ़ गई।

भजन संध्या में देर तक झूमते रहे श्रद्धालु

मंगलपाठ के उपरांत भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायक मदन मोहन सोनी, मनीष सोनी, विकास सुगंध एवं कैलाशी ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। माता के भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते और नृत्य करते रहे। जयकारों और भक्तिमय संगीत से पूरा सभागार आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।

कार्यक्रम के दौरान सभा की ओर से मंगलपाठ वाचकों, भजन गायकों एवं आगंतुक अतिथियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सभा के मीडिया प्रभारी मनीष सोनी ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी परंपराओं, संस्कारों और धार्मिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

महोत्सव में सभा के अध्यक्ष ओम प्रकाश सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष विष्णु सोनी, सचिव कन्हैया सोनी, प्रतीक वर्मा, किशन सोनी, अमित तोसवाड़, वीरेन्द्र कुमार, मनीष सोनी, अमित कुमार सोनी, विकास सोनी, शंकर सोनी, अरुण सोनालिया, राजकुमार मोसून, नीलू सोनी, मनोज बेवरवाल, छगनलाल सोनी, प्रदीप सोनी, शिखा तोसावर, तनु सोनी, सोनू सोनी, सोनम सोनी, अंजू सोनी, बबली सोनी, रानी सोनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

अंत में माता की विधिवत महाआरती की गई। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इसी के साथ श्री सती सावित्री माता कोटड़ी वाली मैया जी का तृतीय वार्षिक महोत्सव सह मंगलपाठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

श्री सती सावित्री माता कोटड़ी वाली मैया का तृतीय वार्षिक महोत्सव हर्षोल्लास से संपन्न श्री सती सावित्री माता कोटड़ी वाली मैया का तृतीय वार्षिक महोत्सव हर्षोल्लास से संपन्न Reviewed by PSA Live News on 10:47:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.