ब्लॉग खोजें

मिलेट प्रशिक्षण का निरीक्षण, प्रतिभागियों को स्वावलंबन के लिए किया प्रेरित

हुनर से रोजगार और रोजगार से आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ने का आह्वान, महिला एवं बाल विकास निगम की योजनाओं की भी दी जानकारी



मधुबनी, 9 सितंबर 2026।
ग्राम विकास युवा ट्रस्ट, मधुबनी द्वारा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY 4.0) के अंतर्गत संचालित मिलेट प्रोडक्ट प्रोसेसिंग प्रशिक्षण के दोनों बैचों का बुधवार को महिला एवं बाल विकास निगम, मधुबनी के जिला परियोजना प्रबंधक हेमंत कुमार मंडल ने भ्रमण कर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से अब तक कराए गए प्रशिक्षण, सीखे गए कौशल तथा प्रशिक्षण की उपयोगिता के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने प्रतिभागियों से मिलेट से विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार करने की प्रक्रिया, उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग तथा प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त व्यावहारिक ज्ञान को लेकर भी संवाद किया।

जिला परियोजना प्रबंधक ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रतिभागियों की सहभागिता और उनके द्वारा अर्जित व्यावहारिक कौशल का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सीखे गए हुनर को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना जरूरी है। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अपने कौशल का प्रभावी उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने तथा आर्थिक रूप से सशक्त होने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के अंतर्गत संचालित विभिन्न महिला एवं बाल कल्याण, सुरक्षा, संरक्षण, सशक्तिकरण, पुनर्वास एवं कौशल विकास संबंधी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।

प्रतिभागियों को विभिन्न योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार से बताया गया। पात्र लाभार्थियों को संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कौशल विकास प्रशिक्षण के साथ सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रतिभागियों तक पहुंचे, ताकि वे उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपने आर्थिक और सामाजिक जीवन को बेहतर बना सकें।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों में मिलेट आधारित उत्पादों के निर्माण का कौशल विकसित करने के साथ उन्हें रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मिलेट संसाधनों का उपयोग कर आय के नए अवसर तलाशने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।

मिलेट प्रशिक्षण का निरीक्षण, प्रतिभागियों को स्वावलंबन के लिए किया प्रेरित मिलेट प्रशिक्षण का निरीक्षण, प्रतिभागियों को स्वावलंबन के लिए किया प्रेरित Reviewed by PSA Live News on 11:56:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.