भव्य श्रृंगार, झूलन उत्सव, दिव्य भोग और भजन-कीर्तन होंगे आकर्षण का केंद्र; श्रद्धालुओं के बीच वितरित होगा प्रसाद
रांची, 10 सितंबर 2026। पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का छठी महोत्सव आज गुरुवार को हर्षोल्लास, उमंग और भक्तिमय वातावरण में मनाया जाएगा। परमहंस संत डॉ. सदानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि छठी महोत्सव के अवसर पर भगवान श्री राधा-कृष्ण का जड़ित एवं आकर्षक आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण को सुंदर एवं सुसज्जित झूले में विराजमान कर झूलन उत्सव भी आयोजित किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु भगवान के मनोहारी बाल स्वरूप के दर्शन कर भक्ति एवं श्रद्धा में सराबोर होंगे।
महोत्सव के दौरान भगवान श्री राधा-कृष्ण को विभिन्न प्रकार के दिव्य एवं स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। विशेष भोग में केसरिया खीर, पेड़ा, माखन-मिश्री, पंजीरी, फल एवं नारियल शामिल रहेंगे। मंदिर के पुजारी द्वारा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कर भगवान को भोग लगाया जाएगा। इसके बाद विशेष आरती होगी।
मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन एवं संकीर्तन का भी आयोजन होगा। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में भाव-विभोर होकर भजन और संकीर्तन में भाग लेंगे। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धा, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि श्रीकृष्ण छठी महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भक्ति, प्रेम, वात्सल्य, सेवा और सामूहिक आनंद का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का स्मरण श्रद्धालुओं को प्रेम, समर्पण और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
महोत्सव के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। ट्रस्ट की ओर से रांची एवं आसपास के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्री राधा-कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की गई है।
Reviewed by PSA Live News
on
10:49:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: