ब्लॉग खोजें

जामा मस्जिद डोरंडा में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का संदेश


रांची।
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जामा मस्जिद डोरंडा कमेटी एवं लहू बोलेगा रक्तदान संगठन, रांची के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद जामा मस्जिद जैप-1 परिसर में पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान नीम, बेर, जामुन, आम, अर्जुन, आंवला, अमरूद और गुलमोहर सहित विभिन्न औषधीय एवं फलदार पौधे लगाए गए।

पौधरोपण अभियान का नेतृत्व डोरंडा जामा मस्जिद के इमाम, खतीब एवं सज्जादा नशीन हजरत मौलाना अल्हाज सैय्यद शाह अलकमा शिब्ली कादरी ने किया। उन्होंने स्वयं आम का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की और लोगों से पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की अपील की।

मौलाना अलकमा शिब्ली कादरी ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। वे वातावरण को स्वच्छ रखने, ऑक्सीजन उपलब्ध कराने और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए पौधरोपण को जनअभियान बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसके पेड़ बनने तक नियमित देखभाल और सुरक्षा करना भी हमारी जिम्मेदारी है।

सदर कैसर आलम एडवोकेट ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वर्तमान पीढ़ी को आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरा-भरा वातावरण सुनिश्चित करने के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे।

लहू बोलेगा रक्तदान संगठन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन रक्तदान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय रहेगा। लोगों से घर, मोहल्ले, मस्जिद, मदरसा, स्कूल एवं सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में नदीम खान, इम्तियाज सोनू, बब्बर, नवाब, असफर खान, इंजीनियर अब्बास सहित मस्जिद कमेटी के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण में भाग लिया और लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प लिया।

जामा मस्जिद डोरंडा में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का संदेश जामा मस्जिद डोरंडा में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का संदेश Reviewed by PSA Live News on 10:02:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.