ब्लॉग खोजें

डॉ. सीमा सिंह ने संभाली भाजपा महिला मोर्चा झारखंड की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी

संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प, प्रदेशभर से जुटीं महिला कार्यकर्ता



रांची।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा झारखंड की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह ने अपने नए दायित्व का विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, महिला मोर्चा की नेताओं एवं प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। समारोह के दौरान निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह को ताजपोशी कर नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि महिलाएं जिस तरह अपने परिवार और घर को संवारकर उसे स्वर्ग बनाने का काम करती हैं, उसी प्रकार राष्ट्र निर्माण में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पुरुषों और महिलाओं के संयुक्त प्रयास से ही विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है और भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।

प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से महिलाओं के सशक्तीकरण और नेतृत्व को बढ़ावा देती रही है। पार्टी महिलाओं को आगे बढ़ाने तथा उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देने के लिए लगातार प्रयासरत है।

प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा पहले से ही मजबूत संगठन के रूप में कार्य कर रहा है। महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे कदमों से महिला शक्ति में नया उत्साह पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ता संगठन और समाज के लिए नई गाथा लिखने के लिए तैयार हैं।

निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने अपनी मेहनत, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता से भाजपा को हमेशा मजबूती प्रदान की है।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वह इस दायित्व को केवल पद के रूप में नहीं, बल्कि सेवा, संगठन और समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करती हैं। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं की मेहनत ही संगठन की वास्तविक पूंजी है। पूर्व कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार की गई मजबूत नींव पर आगे संगठन की नई इमारत खड़ी करने का प्रयास किया जाएगा।

डॉ. सीमा सिंह ने कहा कि महिला मोर्चा की सभी बहनों के कार्य और योगदान का सम्मान किया जाएगा तथा उनके सहयोग से संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन के विस्तार और समाज के हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तथा रांची की महापौर रोशनी खलखो सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचीं महिला कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह का स्वागत करते हुए उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। महिला मोर्चा ने संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने तथा महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

डॉ. सीमा सिंह ने संभाली भाजपा महिला मोर्चा झारखंड की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी डॉ. सीमा सिंह ने संभाली भाजपा महिला मोर्चा झारखंड की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी Reviewed by PSA Live News on 8:24:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.