वृक्षारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प, पर्यावरण जागरूकता को जनआंदोलन बनाने पर जोर
मधुबनी, 8 सितंबर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार के उद्देश्य से आर. के. कॉलेज, मधुबनी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों और जिला गंगा समिति, नमामि गंगे, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में वन विभाग के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकों, वन विभाग के पदाधिकारियों, जिला गंगा समिति के प्रतिनिधियों तथा एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महाविद्यालय परिसर में विभिन्न पौधे लगाए गए। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों को वृक्षों के पर्यावरणीय महत्व, जल संरक्षण तथा पारिस्थितिक संतुलन में पेड़-पौधों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। स्वयंसेवकों को यह भी प्रेरित किया गया कि पौधारोपण तक ही उनकी जिम्मेदारी सीमित न रहे, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।
वृक्षारोपण के साथ संरक्षण भी जरूरी : डॉ. अनिल कुमार मंडल
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनिल कुमार मंडल ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए वृक्षारोपण आवश्यक है, लेकिन लगाए गए पौधों का संरक्षण उससे भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना शिक्षा का अहम हिस्सा है। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों से पौधों की नियमित देखभाल को अपनी सामाजिक गतिविधियों का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
एनएसएस से पर्यावरण जागरूकता को मिल रही गति : डॉ. अशोक रंजन
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी इकाई-1 डॉ. अशोक रंजन ने कहा कि एनएसएस के माध्यम से सामाजिक एवं पर्यावरणीय जागरूकता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर देते हैं।
पौधे लगाना ही नहीं, उनकी देखभाल भी जरूरी : संजय कुमार
वन विभाग, मधुबनी के रेंज ऑफिसर संजय कुमार ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय असंतुलन को कम करने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पौधारोपण तभी सार्थक माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
युवाओं की भागीदारी से बनेगा अभियान जनआंदोलन : आनंद अंकित
डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित ने कहा कि नदियों और पर्यावरण का संरक्षण एक-दूसरे से गहराई से जुड़ा हुआ है। हरित क्षेत्र का विस्तार जल संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण के अभियानों को व्यापक जनभागीदारी वाले जनआंदोलन में बदला जा सकता है।
कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी इकाई-2 सुधांशु कुमार राय सहित अन्य पदाधिकारी, शिक्षक एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस स्वयंसेवक आशीष आनंद, यश राज, नरेश कुमार चौधरी, प्रिया मिश्रा, खुशी मिश्रा, सुशांत शेखर, पीयूष कुमार, अपूर्व अनुपम, राहुल कुमार ठाकुर, सोनु, बसंत, राहुल सफी, प्रत्यूष, ऋषभ और अपूर्वा श्रेयश सहित अन्य स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Reviewed by PSA Live News
on
7:52:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: