ब्लॉग खोजें

जलस्रोतों की स्वच्छता को लेकर नगर निगम तालाब में चला विशेष अभियान

तालाब की सफाई कर दिया जलस्रोत संरक्षण का संदेश, जनभागीदारी को बताया स्थायी संरक्षण की कुंजी



मधुबनी।
जलस्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण के साथ आम लोगों में इनके प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से जिला गंगा समिति, मधुबनी द्वारा संचालित ‘एक दिन जलस्रोतों के स्वच्छता के नाम’ अभियान के तहत शनिवार को नगर निगम, मधुबनी के सहयोग से नगर निगम तालाब में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तालाब में जमा कचरे और गंदगी को हटाकर साफ-सफाई की गई तथा लोगों को जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान का उद्देश्य जिले के नदी, तालाब एवं अन्य जलस्रोतों को प्रदूषणमुक्त बनाए रखना तथा आमजन को इनके संरक्षण के प्रति सक्रिय रूप से जोड़ना है। इस दौरान जलस्रोतों में कूड़ा-कचरा नहीं डालने और उनके आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।

डीपीओ, जिला गंगा समिति (नमामि गंगे) आनंद अंकित ने कहा कि तालाब, नदी और अन्य जलस्रोत पर्यावरणीय संतुलन के साथ-साथ सामाजिक जीवन का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके संरक्षण के लिए प्रशासनिक प्रयास जरूरी हैं, लेकिन जनभागीदारी के बिना जलस्रोतों का स्थायी संरक्षण संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला गंगा समिति का यह अभियान लोगों को अपने आसपास के जलस्रोतों की स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि जलस्रोतों में कूड़ा-कचरा न डालें तथा अपने आसपास स्थित तालाबों और अन्य जलस्रोतों की नियमित स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जलस्रोतों को लंबे समय तक स्वच्छ, सुरक्षित और उपयोगी बनाए रखा जा सकता है।

स्वच्छता पदाधिकारी अमिताभ गुंजन ने कहा कि केवल सफाई अभियान चलाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों के व्यवहार में स्थायी बदलाव लाना भी जरूरी है। उन्होंने तालाब एवं उसके आसपास गंदगी नहीं फैलाने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

अभियान में स्वच्छता पर्यवेक्षक समेत महेंद्र राम, मोहम्मद, महादेव राम, संतोष राम एवं भोला राम सहित नगर निगम, मधुबनी के स्वच्छताकर्मी मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से जलस्रोतों की स्वच्छता को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

जलस्रोतों की स्वच्छता को लेकर नगर निगम तालाब में चला विशेष अभियान जलस्रोतों की स्वच्छता को लेकर नगर निगम तालाब में चला विशेष अभियान Reviewed by PSA Live News on 7:40:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.