ब्लॉग खोजें

श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप के स्वागत में कृष्णा नगर कॉलोनी भक्तिमय, नगर कीर्तन में गूंजे श्रद्धा के स्वर


रांची, 25 मई ।
आज रांची के कृष्णा नगर कॉलोनी में उस समय भक्तिभाव का अनूठा दृश्य देखने को मिला जब गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा, रातू रोड के तत्वावधान में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप का भव्य स्वागत और नगर कीर्तन का आयोजन किया गया।

श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के नए पावन स्वरूप को टाटानगर (जमशेदपुर) से पुष्पों से सुसज्जित वाहन में लाया गया। जत्था का नेतृत्व श्रद्धालु मनीष मिढ़ा ने किया। इस पावन अवसर पर कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब से पांच विरध स्वरूपों और संची साहिब को विशेष श्रद्धा के साथ टाटानगर स्थित टेल्को गुरुद्वारा साहिब सौंपा गया, जहां लंगर के पश्चात श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के नए स्वरूप को रांची लाने हेतु अरदास की गई।

शाम 6 बजे जत्था टाटानगर से रांची के लिए रवाना हुआ और रात 9 बजे कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित नानक चंद जी अरोड़ा चौक पर पहुंचा। यहां पावन स्वरूप के स्वागत में स्त्री सत्संग सभा की कीर्तन मंडली "धन धन हमारे भाग घर आया पीर मेरा..." जैसे शबदों का गायन कर रही थी। लगभग 1500 श्रद्धालुओं ने "बोले सो निहाल... सत श्री अकाल" के जयघोष के साथ पावन स्वरूप का स्वागत किया।

सभी श्रद्धालु परंपरागत वस्त्र—महिलाएं सफेद सलवार-कमीज और केसरिया दुपट्टे, पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा—में सजे थे। नगर कीर्तन में "दर्शन देख जीवां गुरु तेरा..." और "आज्ञा भई अकाल की तबै चलायो पंथ..." जैसे शबद गूंजते रहे। पुष्पवर्षा और गगनभेदी जयघोषों के साथ गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर पावन स्वरूप को विशेष दीवान में विराजित किया गया।

इस अवसर पर हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह जी ने भावपूर्ण शबद गायन किया। ज्ञानी जिवेंदर सिंह जी ने अरदास और हुकुमनामा के बाद सुखासन कराया। कार्यक्रम का समापन रात 10:30 बजे कढ़ाह प्रशाद और अटूट लंगर वितरण के साथ हुआ। मंच का संचालन मनीष मिढ़ा ने किया, जबकि सभा के सचिव अर्जुन देव मिढ़ा ने समस्त संगत को शुभकामनाएं दीं।

इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुरुष, महिलाएं और युवा शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से सुरेश मिढ़ा, हरगोबिंद सिंह, लेखराज अरोड़ा, महेश सुखीजा, शीतल मुंजाल, गीता कटारिया, इंदु पपनेजा, नीता मिढ़ा, बबीता पपनेजा, इंदर मिढ़ा और सैकड़ों नाम श्रद्धाभाव के साथ जुड़े रहे।

यह आयोजन रांची की धार्मिक चेतना और सामूहिक श्रद्धा का उत्कृष्ट उदाहरण बन गया, जिसमें संगत की सेवा भावना और गुरु के प्रति समर्पण ने वातावरण को पवित्र बना दिया।

श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप के स्वागत में कृष्णा नगर कॉलोनी भक्तिमय, नगर कीर्तन में गूंजे श्रद्धा के स्वर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप के स्वागत में कृष्णा नगर कॉलोनी भक्तिमय, नगर कीर्तन में गूंजे श्रद्धा के स्वर Reviewed by PSA Live News on 8:13:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.