ब्लॉग खोजें

"योग जीवन का दर्शन है, जो आत्मा से जोड़ता है" – केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ

11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कांके के कुम्हारिया गांव में बच्चों व ग्रामीणों संग किया योगाभ्यास


रांची, 21 जून
 । "योग प्रकृति का वह वरदान है जिसे जिसने अपना लिया, वही जीवन में महान बनता है।" यह विचार केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने आज 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने रांची के कांके स्थित कुम्हारिया गांव में प्रधानमंत्री श्री स्कूल परिसर में बच्चों, ग्रामीणों और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।

इस अवसर पर श्री सेठ ने कहा कि योग न केवल एक व्यायाम है, बल्कि यह एक दर्शन है, जो शरीर, मन और आत्मा को जोड़ता है। उन्होंने बताया कि आज देश भर में एक लाख से अधिक स्थानों पर और विश्व के 175 देशों में एक साथ योगाभ्यास हो रहा है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उस वैश्विक संकल्प का परिणाम है, जो उन्होंने 11 वर्ष पूर्व संयुक्त राष्ट्र में योग दिवस को मान्यता दिलाकर शुरू किया था।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "योग भारत की ऋषि परंपरा की देन है। यह एक ऐसी विद्या है, जो मनुष्य को शारीरिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से संतुलित और आत्मिक रूप से जागरूक बनाती है। यह सभी धर्म, जाति और वर्ग के लोगों के लिए समान रूप से लाभकारी है। जो नियमित योग करता है, वह रोगों से दूर रहता है और एक सकारात्मक जीवन जीता है।"

प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से आज पूरा देश 'विकसित भारत 2047' के संकल्प की दिशा में अग्रसर है, और योग उस स्वस्थ राष्ट्र निर्माण की नींव है। श्री सेठ ने योगाभ्यास कर रहे बच्चों को प्रधानमंत्री के संकल्प की याद दिलाते हुए शपथ दिलाई कि वे नियमित योग करेंगे और भारत को स्वस्थ, सशक्त व विकसित बनाएंगे।

इस विशेष कार्यक्रम में 20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने भी भाग लिया। श्री संजय सेठ ने इन खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल और योग दोनों जीवन में अनुशासन, ऊर्जा और आत्मबल लाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में स्कूल परिसर में "मेरा युवा भारत" (MY Bharat) अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ युवा पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जागरूक बनाना है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, शिक्षक, छात्र, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

"योग जीवन का दर्शन है, जो आत्मा से जोड़ता है" – केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ "योग जीवन का दर्शन है, जो आत्मा से जोड़ता है" – केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ Reviewed by PSA Live News on 6:17:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.