ब्लॉग खोजें

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिव्यांग प्रभुजनों को कराया गया योगाभ्यास, मिला स्वस्थ जीवन का संदेश


रांची, 21 जून। 
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्रीकृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘अपना घर आश्रम’ के 50 से अधिक निराश्रित दिव्यांग प्रभुजनों एवं सेवादारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन मंदिर के पुजारी पं. अरविंद पांडे जी ने किया, जिन्होंने अपने स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों को अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, कपालभाति जैसे प्राणायाम तथा ताड़ासन, वज्रासन जैसे योगासनों का अभ्यास कराया। साथ ही सरल ध्यान विधियों के माध्यम से आत्मिक शांति का अनुभव कराया गया।

पं. अरविंद पांडे ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि —

"योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मबल और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण का मार्ग है। विशेष रूप से दिव्यांगजनों के लिए यह आत्मविश्वास और शारीरिक सशक्तिकरण का साधन बन सकता है।"

कार्यक्रम के अंत में सामूहिक शांति पाठ के साथ दिव्य वातावरण में इस आयोजन का समापन हुआ। प्रतिभागियों को फल, चना और शुद्ध जल का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि —

"योग दिवस के बहाने समाज के हाशिए पर खड़े वर्गों तक भी स्वास्थ्य और अध्यात्म का संदेश पहुंचाना हमारा उद्देश्य है। ‘अपना घर आश्रम’ में निराश्रित दीनबंधुओं को प्रतिदिन योगाभ्यास कराया जाता है ताकि वे आत्मनिर्भर और आंतरिक रूप से सशक्त बन सकें।"

उन्होंने आगे कहा कि सेवा, करुणा और समर्पण के माध्यम से ही समाज के प्रत्येक व्यक्ति को स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मबल प्रदान किया जा सकता है। यह आयोजन उसी भावना का प्रतीक है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिव्यांग प्रभुजनों को कराया गया योगाभ्यास, मिला स्वस्थ जीवन का संदेश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिव्यांग प्रभुजनों को कराया गया योगाभ्यास, मिला स्वस्थ जीवन का संदेश Reviewed by PSA Live News on 1:11:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.