ब्लॉग खोजें

पैतृक गांव नेमरा पहुंचे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, किसानों से ली खेती-किसानी की जानकारी

धान की रोपनी में जुटे खेतिहरों से मिले, बचपन की यादें हुई ताजा


रांची/नेमरा।
हरे-भरे खेत, लहराती फसलें, नीला आसमान और मिट्टी की महक… इन्हीं नजारों के बीच मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन शनिवार को अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। यहां उन्होंने खेतों में धान की रोपनी कर रही महिलाओं और किसानों से मुलाकात की, उनका हालचाल पूछा और खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने नेमरा के बरमसिया और बड़का नदी दोईन में किसानों से बातचीत करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर बारिश के पानी का उपयोग खेती के लिए बेहद लाभकारी है। उन्होंने किसानों को चेक डैम के जरिए बरसाती नदी के पानी को खेतों तक पहुंचाने की सरकारी योजना का लाभ लेने की अपील की। साथ ही, स्थानीय संसाधनों के सदुपयोग और आधुनिक तकनीक के साथ खेती में नवाचार अपनाने पर जोर दिया।

"गांव का विकास ही राज्य का विकास"
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार किसानों के हित में हर संभव कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। गांव-गांव तक सड़क, सिंचाई, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि झारखंड के गांवों में प्रकृति ने जो अनुपम सौंदर्य बिखेरा है, वह किसी भी पर्यटन स्थल से कम नहीं है। हमें पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक रहना होगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने किसानों से खेती की मौजूदा स्थिति, वर्षा के हालात, खाद और बीज की उपलब्धता पर भी विस्तृत चर्चा की। किसानों ने भी खुले मन से अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए।

मुख्यमंत्री के इस दौरे में नेमरा के रविदास सोरेन, बिरजू सोरेन, दिलका सोरेन, विश्वनाथ बेसरा और परमेश्वर सोरेन मौजूद रहे।

पैतृक गांव नेमरा पहुंचे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, किसानों से ली खेती-किसानी की जानकारी पैतृक गांव नेमरा पहुंचे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, किसानों से ली खेती-किसानी की जानकारी Reviewed by PSA Live News on 6:30:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.