गौ तस्करों द्वारा कुणाल केसरी पर माॅब लिंचिंग का प्रयास, प्रशासन पर उठे सवाल
रांची : राजधानी रांची में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। तीन दिन पूर्व पिठौरिया निवासी कुणाल केसरी पर गौ तस्करों द्वारा जानलेवा हमला किया गया और उन्हें मॉब लिंचिंग का शिकार बनाने की कोशिश की गई। इस हमले में कुणाल गंभीर रूप से घायल हो गए और फिलहाल उनका इलाज रांची के राज अस्पताल में चल रहा है।
आज केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ अस्पताल पहुंचे और कुणाल केसरी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों से बातचीत कर इलाज की स्थिति की जानकारी ली। मौके पर ही मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर दोषियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
श्री सेठ ने कहा कि –
“रांची अब अपराधियों की राजधानी बन चुकी है। झारखंड में धड़ल्ले से गौ तस्करी हो रही है। गौ माता को रोजाना हजारों की संख्या में बांग्लादेश भेजा जा रहा है, जहाँ उनकी हत्या कर दी जाती है। प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। न तो अपराधियों को पकड़ा जा रहा है और न ही अपराध रुक पा रहा है। चैन स्नैचिंग, डकैती, हत्याएं, लगातार हो रही हैं। यह स्थिति बेहद चिंताजनक और असहनीय है।”
उन्होंने कहा कि जिस तरह कुणाल केसरी पर सैकड़ों की संख्या में गौ तस्करों ने हमला कर मॉब लिंचिंग की कोशिश की, वह बेहद दुखद और निंदनीय है। यह राज्य के कानून-व्यवस्था पर सीधा सवाल खड़ा करता है।
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा –
“गौ तस्करी पर जीरो टॉलरेंस होना चाहिए। किसी भी कीमत पर इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को चाहिए कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।”
स्थानीय लोगों ने भी मंत्री से मुलाकात कर अपनी पीड़ा जाहिर की और कहा कि गौ तस्कर इलाके में खुलेआम सक्रिय हैं और पुलिस प्रशासन उन पर नकेल कसने में पूरी तरह विफल है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ठोस कदम नहीं उठा रहा, जिससे अपराधियों का मनोबल और बढ़ता जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर राज्य की कानून व्यवस्था और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
Reviewed by PSA Live News
on
11:07:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: