ब्लॉग खोजें

किसानों से किए अपने वादे को निभाएं मुख्यमंत्री : बृजलाल बहबलपुरिया

 दिवाली से पहले किसानों के खाते में मुआवजा डालने का मुख्यमंत्री ने किया था वादा 


हरियाणा/ हिसार( राजेश सलूजा) । 
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 26 तारीख को नलवा में रैली करके सरकार की नीतियों का बखान करने नलवा आ रहे हैं लेकिन उन्हें किसानों से किए अपने वादे को याद करना चाहिए जिसमें उन्होंने कहा था कि दीपावली से पहले-पहले किसानों को उनकी खराब हुई फसलों का मुआवजा मिल जाएगा लेकिन आज तक किसानों को मुआवजा नहीं मिला है। ऐसे में अपनी सरकार की झूठी वाहवाही करने का क्या फायदा है। यह बात कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने जारी बयान में कही।

बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि नलवा, बरवाला, उकलाना, हांसी, नारनौंद, आदमपुर सहित हिसार जिले के सभी गांवों में बरसात के पानी ने कहर बरपाया था और किसानों की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं। प्रकृति की मार के बाद सरकार ने भी किसानों की कमर तोडऩे में कोई कसर नहीं छोड़ी है। किसानों को तुरंत उनकी फसलों का मुआवजा मिलना चाहिए था लेकिन अभी तक मुआवजा नहीं मिलना उनके साथ बड़ी नाइंसाफी है। बहबलपुरिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में गांवों में भी बाढ़ का पानी घुस गया था और लोगों के घरों को काफी नुकसान पहुंचा था सरकार ने उनकी भी सुध लेने की भी कोई कोशिश नहीं की और ग्रामीण आज भी मुआवजे के लिए दर-दर भटक रहे हैं।  

कांग्रेसी नेता ने बताया कि हिसार के जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी अभी भी खेतों में कई-कई फुट पानी भरा हुआ। नलवा हलके के आर्य नगर, गंगवा, मंगाली सहित अन्य गांवों में खेतों में आज भी पानी खड़ा हैं। वहीं बहबलपुर, बाडो पटटी, धिकताना, बुगाना, खेड़ी बरकी, जेवरा,  सरसौद, बिछपड़ी बधावड़, ढाढ, बयानाखेड़ा, लितानी, पाबड़ा, बिठमड़ा आदि में भी खेतों में पानी जमा है। बरवाला, उकलाना, नारनौंद, हांसी आदमपुर सहित सभी क्षेत्रों के लगभग सभी गांवों में हजारों एकड़ में पानी जमा होने से यही हाल है और किसानों की हालत बहुत दयनीय बनी हुई है। किसानों की हाल की फसल तो इस पानी से बर्बाद हो ही चुकी है और आगे भी फसल बीजे जाने की कोई उम्मीद नहीं है। सरकार की ओर से न तो पानी निकासी के कोई इंतजाम किए गए हैं और न ही किसानों को इसका कोई मुआवजा दिया गया है। 

वहीं बहबलपुरिया ने कहा कि हिसार जिले के आरोही स्कूलों के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है। दीपावली जैसे बड़े त्यौहार पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने से उन्होंने किस प्रकार यह त्यौहार मनाया होगा इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। सरकार को तुरंत प्रभाव से इन कर्मचारियों का वेतन जारी करना चाहिए। बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि सरकार रैलियों के माध्यम से खुद की पीठ थपथपाने की बजाय आम जनता की दु:ख तकलीफों को समझे और किसानों को मुआवजा जारी कर उन्हें राहत प्रदान करे।

किसानों से किए अपने वादे को निभाएं मुख्यमंत्री : बृजलाल बहबलपुरिया किसानों से किए अपने वादे को निभाएं मुख्यमंत्री : बृजलाल बहबलपुरिया Reviewed by PSA Live News on 8:58:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.