ब्लॉग खोजें

श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में 909वें खिचड़ी भंडारे का भव्य आयोजन



राँची। 
दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर में शनिवार, 13 दिसंबर को 909वें खिचड़ी भंडारे का अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और दिव्यता के साथ आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, शंख-ध्वनि और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

खिचड़ी भंडारे से पूर्व अनेक धार्मिक अनुष्ठानों एवं वैदिक विधियों का विधिवत संपादन किया गया। सर्वव्यापी परमात्मा, जो भक्तों के सच्चे प्रेम और भक्ति से सहज ही आकृष्ट हो जाते हैं, उन परम करुणामय प्रभु श्री वेंकटेश्वर की षोडशोपचार पूजा एवं नित्याराधना संपन्न हुई। मान्यता है कि प्रभु की लेशमात्र भक्ति भी साधक को परमानंद के महासागर में डुबो देती है।

पूजा-अर्चना के पश्चात् प्रभु को छः रसों से युक्त सात प्रकार के स्वादिष्ट अन्न, सात प्रकार की सब्जियाँ, मसालों तथा प्रचुर मात्रा में शुद्ध घी से निर्मित सुपक्व खिचड़ी महाप्रसाद को भक्तिपूर्वक नैवेद्य के रूप में अर्पित किया गया। इसके उपरांत लगभग डेढ़ हजार श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया। महाप्रसाद ग्रहण करते समय भक्तों में अपार श्रद्धा, संतोष और आध्यात्मिक उल्लास देखने को मिला।

इस पावन अवसर पर खिचड़ी महाप्रसाद का निवेदन
श्री विकास शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रूचिता शर्मा (राँची निवासी) द्वारा किया गया।

पूरे अनुष्ठान की प्रक्रिया को विधिविधान से संपन्न कराने में अर्चक श्री सत्यनारायण गौतम, श्री गोपेश आचार्य तथा श्री नारायण दास जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राम अवतार नरसरिया, अनूप अग्रवाल, प्रदीप नरसरिया, गौरी शंकर साबू, रंजन सिंह, शंभू नाथ पोद्दार, प्रभास मित्तल, ओमप्रकाश गरोदिया सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने इस धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता, सेवा और सनातन परंपरा को सुदृढ़ करने वाला बताया।

909वाँ खिचड़ी भंडारा न केवल आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सेवा, समर्पण और सामूहिक सहभागिता का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता रहा।

श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में 909वें खिचड़ी भंडारे का भव्य आयोजन श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में 909वें खिचड़ी भंडारे का भव्य आयोजन Reviewed by PSA Live News on 9:09:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.