ब्लॉग खोजें

विपक्ष की सकारात्मक भूमिका भूल अराजकता फैलाना चाहती है कांग्रेस : डॉ. सतीश पूनिया

— प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी निंदनीय, कांग्रेस तत्काल माफी मांगे

— अमित शाह के तार्किक भाषण ने लोकसभा में विपक्ष की बोलती की बंद


हरियाणा / हिसार (राजेश सलूजा)। 
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस विपक्ष की जिम्मेदार और सकारात्मक भूमिका निभाने के बजाय देश में अराजकता, जातिवाद और अफरा-तफरी का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति की गई टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भी खिलाफ है। इसके लिए कांग्रेस को तत्काल देश से माफी मांगनी चाहिए

डॉ. पूनिया हांसी में आयोजित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की रैली में शामिल होने के लिए जाते समय हिसार स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपने शासनकाल को याद करना चाहिए, जब संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव डालकर लोकतंत्र को कमजोर किया गया

उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में स्वस्थ, मजबूत और पारदर्शी लोकतंत्र की शुरुआत हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और गृह मंत्री अमित शाह के सशक्त निर्णयों के चलते देश ने कई ऐतिहासिक फैसले देखे। उन्होंने विशेष रूप से धारा 370 का उल्लेख करते हुए कहा कि अमित शाह ने देशहित में यह स्पष्ट कर दिया था कि देश की एकता और अखंडता के लिए कोई भी कीमत चुकानी पड़े, लेकिन धारा 370 हटेगी

डॉ. पूनिया ने कहा कि हाल ही में लोकसभा सत्र के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिया गया भाषण पूरी तरह तर्क, तथ्य और राष्ट्रहित पर आधारित था। उन्होंने कहा कि यह भाषण न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि कांग्रेस के तथाकथित बुद्धिजीवियों को भी इसे सुनना चाहिए ताकि वे भ्रम फैलाने की राजनीति से बाहर निकल सकें

उन्होंने कहा कि अमित शाह ने अपने भाषण के माध्यम से कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम का तार्किक एवं तथ्यात्मक खंडन किया, जिससे विपक्ष की बोलती बंद हो गई। इसके बाद विपक्ष केवल आधारहीन बयानबाजी तक सीमित रह गया है। गृह मंत्री के भाषण से यह स्पष्ट हो गया कि भाजपा के लिए देश सर्वोपरि है और पार्टी हर संवैधानिक संस्था को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है

डॉ. पूनिया ने दो टूक कहा कि भाजपा देश की सुरक्षा, संप्रभुता और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और राष्ट्र के साथ खिलवाड़ करने वाली किसी भी सोच को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि लोक निर्माण विश्राम गृह पहुंचने पर जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बुक्के भेंट कर डॉ. सतीश पूनिया का स्वागत किया।

स्वागत करने वालों में पूर्व मंत्री अनूप धानक, जिला महामंत्री कृष्ण सरसाना, जिला उपाध्यक्ष संजीव रेवड़ी, कोषाध्यक्ष अशोक मित्तल, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा, चेयरमैन रविंदर रॉकी, धर्मवीर पानू, पिंकी शर्मा, सुधीर पांचाल, शंकर गोस्वामी और सतीश कुमार सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विपक्ष की सकारात्मक भूमिका भूल अराजकता फैलाना चाहती है कांग्रेस : डॉ. सतीश पूनिया विपक्ष की सकारात्मक भूमिका भूल अराजकता फैलाना चाहती है कांग्रेस : डॉ. सतीश पूनिया Reviewed by PSA Live News on 2:07:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.