ब्लॉग खोजें

बरवाला में भक्ति का सागर उमड़ा: ‘एक शाम सांई के नाम’ 13वीं भजन संध्या का भव्य आयोजन, सैकड़ों श्रद्धालु हुए भावविभोर



हरियाणा/हिसार (राजेश सलूजा): 
बरवाला नगर में शनिवार की शाम भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब श्री सनातन धर्म हनुमान मंदिर द्वारा संचालित श्री सांई सेवा समिति, बरवाला के तत्वावधान में “एक शाम सांई के नाम” 13वीं भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन मेन बाजार चौक स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में संपन्न हुआ, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर सांई बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुई। श्री सांई भगत डॉ. अनिल मुजांल ने ज्योत प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जबकि गणेश पूजन युवा भाजपा नेता संजय संदूजा द्वारा संपन्न कराया गया। इसके पश्चात युवा भाजपा नेता राहुल चोपड़ा ने सांई पालकी सेवा कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समाजसेवी प्रदीप कथूरिया ने सांई आरती की, वहीं संरक्षक मदन लाल चावला द्वारा सांई माला अर्पण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संरक्षक भीम सेन मक्कड़ ने की।

इस भव्य आयोजन में कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूर्व विधायक वेद नारंग, नगर निगम हिसार के मेयर प्रवीण पोपली और एडवोकेट मानुज सरदाना ने अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत कर आयोजन की शोभा बढ़ाई। मंच संचालन पूर्व पार्षद प्रतिनिधि विक्की रहेजा ने अत्यंत प्रभावशाली और रोचक ढंग से किया, जिससे कार्यक्रम निरंतर ऊर्जा से भरपूर बना रहा।

भजन संध्या का मुख्य आकर्षण दिल्ली से आए प्रसिद्ध भजन गायक शिल्पी मदान और प्रवीण मलिक रहे, जिन्होंने अपने मधुर और भावपूर्ण भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही “सांई बाबा” के भजन गूंजे, पूरा पंडाल भक्ति के रंग में रंग गया। श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि मंच पर उपस्थित अतिथि भी भक्ति भाव में झूमते नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान बबलू महादेव ग्रुप द्वारा सांई बाबा की आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया। इसके साथ ही पूरे आयोजन के दौरान बाबा का अटूट लंगर भी चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर समिति के संरक्षक भीम सेन मक्कड़, मदन लाल चावला, मास्टर मनोहर लाल रहेजा, सेवानिवृत्त प्रिंसिपल ओम प्रकाश वधवा, प्रोजेक्ट चेयरमैन संजीव भाटिया एवं तरुण कक्कड़ सहित हनी चुघ, एडवोकेट संजय मक्कड़, पूर्व पार्षद कविता रहेजा, पुनीत जावा, तुषार वधवा, सुनीता भाटिया, पूनम ककड़, सागर ढीगड़ा, बृजमोहन चोपड़ा, गुलशन भूटानी, महेंद्र सेतिया, मनोज चुघ, केवल कृष्ण आर्य, अजय काठपाल, दिनेश कथूरिया और गौरव ककड़ समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन ने बरवाला में धार्मिक एकता, सामाजिक समरसता और सांई बाबा के प्रति अटूट आस्था का संदेश दिया। भजन संध्या के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

बरवाला में भक्ति का सागर उमड़ा: ‘एक शाम सांई के नाम’ 13वीं भजन संध्या का भव्य आयोजन, सैकड़ों श्रद्धालु हुए भावविभोर बरवाला में भक्ति का सागर उमड़ा: ‘एक शाम सांई के नाम’ 13वीं भजन संध्या का भव्य आयोजन, सैकड़ों श्रद्धालु हुए भावविभोर Reviewed by PSA Live News on 6:30:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.