बोकारो पिंडराजोरा कांड में 28 पुलिसकर्मियों का निलंबन विवादों में, झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने उठाए सवाल
रांची/बोकारो: बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना कांड में 28 पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के निलंबन को लेकर विवाद गहरा गया है। झारखण्ड पुलिस एसोसिएशन ने इस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण और अन्यायपूर्ण बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।
एसोसिएशन का कहना है कि संबंधित मामले की समीक्षा और कार्रवाई में जिले के पुलिस अधीक्षक पूरी तरह विफल रहे हैं। आरोप लगाया गया है कि पुलिस अधीक्षक के नियंत्रण की कमी और अपनी विफलता छुपाने के लिए एक साथ 28 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया, जो किसी भी दृष्टिकोण से न्यायसंगत नहीं है।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि वह अपने सदस्यों के हितों की रक्षा और न्याय के लिए किसी भी स्तर तक जाने को तैयार है। संगठन ने मांग की है कि जिन पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों पर कोई ठोस आरोप नहीं है, उन्हें तत्काल निलंबन से मुक्त किया जाए। इसके साथ ही बोकारो के पुलिस अधीक्षक को अविलंब हटाने की भी मांग उठाई गई है।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि पुलिस पदाधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। हाल के दिनों में जिला स्तर पर हुई अनियमितताओं को लेकर एसोसिएशन जल्द ही पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक से मुलाकात कर विस्तृत जानकारी साझा करेगा।
संगठन ने यह भी संकेत दिया है कि जिले में अक्षम वरीय पदाधिकारियों के खिलाफ सरकार और संबंधित प्राधिकार को अवगत कराया जाएगा।
अंत में एसोसिएशन ने मीडिया से अपील की है कि इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित और प्रसारित किया जाए, ताकि पुलिसकर्मियों के साथ न्याय सुनिश्चित हो सके।
Reviewed by PSA Live News
on
5:34:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: