रांची को ‘इंदौर मॉडल’ पर स्वच्छ बनाने का संकल्प, दिशा कमिटी की बैठक में बुनियादी सुविधाओं पर सख्त निर्देश
बिजली-पानी की समस्या के त्वरित समाधान, अधूरी योजनाओं की जांच और सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण तेज करने पर जोर
रांची: रांची जिले के समग्र विकास को लेकर आज जिला दिशा (DISHA) कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक श्री कृष्ण लोक प्रशासन संस्थान में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा पूर्व बैठकों में उठाए गए विषयों की समीक्षा भी की गई।
बैठक के दौरान श्री सेठ ने वर्ष 2026 तक रांची को इंदौर की तर्ज पर “क्लीन रांची, स्वच्छ रांची” बनाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों को मिलकर समन्वित प्रयास करने होंगे।
पानी और बिजली पर सख्त निर्देश
गर्मी के मद्देनज़र जल संकट पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए श्री सेठ ने कहा कि शहर में कई पानी टंकियां वर्षों से बनकर तैयार हैं, लेकिन उनमें जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन टंकियों से जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को गर्मी में राहत मिल सके।
साथ ही, प्रधानमंत्री की ‘हर घर नल से जल’ योजना के अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने उपायुक्त को मजिस्ट्रेट नियुक्त कर जांच कराने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बिजली के स्मार्ट मीटर को लेकर आम लोगों की शिकायतों पर भी बैठक में चर्चा हुई। श्री सेठ ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिलों से लोग परेशान हैं, इसलिए हर वार्ड में विशेष शिविर लगाकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया जाए।
जलजमाव और अधूरी सड़कों पर फोकस
बरसात में होने वाले जलजमाव की समस्या को देखते हुए उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि बारिश से पहले ही संवेदनशील इलाकों में स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही सड़कों और नालियों के अधूरे निर्माण पर नाराजगी जताते हुए कहा कि 400-500 फीट के टुकड़ों में काम करने के बजाय पूरी सड़क या नाली का निर्माण एक साथ किया जाए।
इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की प्रगति
केतारी बगान में बन रहे 45 करोड़ रुपये के पुल के नवंबर तक पूरा होने की जानकारी दी गई। पावर हाउस के पास प्रस्तावित दो फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर रेलवे और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
रांची रेलवे स्टेशन के दक्षिणी हिस्से में बन रहे नए टर्मिनल के जल्द उद्घाटन की भी बात कही गई।
स्वास्थ्य और जनसेवा पर पहल
सदर अस्पताल में नवजात बच्चों का तुरंत आधार कार्ड बनाने के लिए आधार केंद्र खोलने का निर्देश दिया गया।
साथ ही, 14–15 वर्ष की किशोरियों के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु मुफ्त टीकाकरण अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए सिविल सर्जन को विशेष निर्देश दिए गए।
नगर विकास और राजस्व
नगर निगम द्वारा 100 करोड़ रुपये की टैक्स वसूली की सराहना करते हुए श्री सेठ ने प्रशासक को बधाई दी। पिस्का नगड़ी, नया सराय और फ्लाईओवर परियोजनाओं को अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जयपाल सिंह स्टेडियम में जल्द ही रात्रि बाजार (नाइट मार्केट) शुरू करने की योजना भी सामने आई।
यातायात और प्रशासनिक कार्रवाई
काठीटांड चौक पर जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक सिग्नल लगाने का निर्देश दिया गया। जीएल चर्च क्षेत्र के व्यापारियों के मामले में निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना की गई। वहीं रातू अंचलाधिकारी (सीओ) के खिलाफ मिली शिकायतों पर उपायुक्त को जांच कर उचित कार्रवाई करने को कहा गया।
जनप्रतिनिधियों ने उठाई क्षेत्रीय समस्याएं
बैठक में झारखंड सरकार की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद काली चरण मुंडा, राज्यसभा सांसद महुआ मांझी, मेयर रोशनी खालको, विधायक नवीन जायसवाल, विधायक अमित कुमार, डिप्टी मेयर नीरज कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
दिशा कमिटी की इस बैठक में स्पष्ट संकेत मिला कि रांची के विकास को लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही तय करने और जमीनी समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया जाएगा। स्वच्छता, जलापूर्ति, बिजली और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर सख्ती से अमल होने की उम्मीद जताई गई है।
Reviewed by PSA Live News
on
6:35:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: