एयर एम्बुलेंस हादसे के पीड़ित परिजनों से मिले मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, सरकारी नौकरी व मुआवजे का दिया भरोसा
रांची। झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज झारखंड मंत्रालय में एयर एम्बुलेंस हादसे में मृत व्यक्तियों के आश्रितों ने मुलाकात की। इस दौरान परिजनों ने राज्य सरकार से सरकारी नौकरी एवं उचित मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने शोकाकुल परिजनों की बातें गंभीरता और आत्मीयता के साथ सुनीं। उन्होंने हादसे में अपने प्रियजनों को खो चुके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें यथोचित सहायता प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर राज्य सरकार के मंत्रीगण भी उपस्थित थे। वहीं, पीड़ित परिवारों की ओर से एयर एम्बुलेंस हादसे में मृत स्वर्गीय संजय कुमार के बड़े भाई श्री विजय कुमार, स्वर्गीय ध्रुव कुमार के पिता श्री दिनेश प्रसाद सहित अन्य परिजन मौजूद रहे।
गौरतलब है कि विगत 23 फरवरी 2026 को एक दर्दनाक हादसे में एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। बर्न इंजरी से पीड़ित संजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए रांची से दिल्ली ले जाया जा रहा था। इसी दौरान चतरा के पास एयर एम्बुलेंस क्रैश हो गया, जिसमें मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी, भांजा ध्रुव कुमार, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता, पैरामेडिक सचिन कुमार मिश्रा, पायलट विवेक विकास भगत और को-पायलट स्वराजदीप सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
यह हादसा पूरे राज्य को झकझोर देने वाला था और इसके बाद से ही पीड़ित परिवार न्याय एवं सहायता की मांग कर रहे हैं।
Reviewed by PSA Live News
on
8:52:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: