ब्लॉग खोजें

रांची में ‘नमो स्टॉल’ योजना की शुरुआत, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को मिला नया संबल

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की पहल, निःशुल्क स्टॉल पाकर खिले लाभार्थियों के चेहरे


रांची।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शहरी गरीबों और छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रांची में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के प्रयासों से “नमो स्टॉल” वितरण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया, जिसके तहत फुटपाथ पर फल एवं सब्जी बेचने वाले विक्रेताओं को निःशुल्क आधुनिक स्टॉल उपलब्ध कराए गए।

कार्यक्रम के दौरान स्टॉल प्राप्त करते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी। प्रथम चरण में पांच चयनित विक्रेताओं को स्टॉल के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी प्रदान की गई, जिससे उनके व्यवसाय को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने लाभार्थियों के बीच स्टॉल का वितरण किया। उन्होंने कहा कि “गरीबों की पीड़ा को समझना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही सच्ची जनसेवा है। संजय सेठ एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि हैं, जिनकी यह पहल न केवल सराहनीय है बल्कि इससे हजारों छोटे विक्रेताओं को सम्मानजनक आजीविका का अवसर मिलेगा।”

प्रदेश भाजपा के महामंत्री सह पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे सड़क किनारे व्यापार करने वाले लोगों का जीवन अधिक सुगम होगा और उन्हें बेहतर कार्य परिवेश मिलेगा।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को शहरी अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हैं। उन्होंने कहा कि “इन छोटे व्यवसायियों को सशक्त करना ही शहर के समग्र विकास की कुंजी है।” उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्टॉल की लागत लगभग 50 हजार रुपये है और फिलहाल प्रथम चरण में पांच लाभार्थियों को इसका लाभ दिया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में रांची के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में स्टॉल वितरित किए जाएंगे। इसके लिए विक्रेताओं की विस्तृत सूची तैयार की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इस योजना से जोड़ा जा सके। इस पहल का उद्देश्य महानगरों की तर्ज पर रांची में भी सुव्यवस्थित ठेला-व्यवस्था विकसित करना, शहर को स्वच्छ बनाए रखना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है।

कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री योगेंद्र प्रताप एवं अमित कुमार, मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

प्रथम चरण के लाभार्थी

मेट्रो गली के राकेश कुमार वर्मा, मधुकम चौक के अरविंद कुमार जायसवाल, कटहल मोड़ की मालती देवी, चुटिया की अनीता देवी एवं करमटोली चौक के राजेश टोप्पो को इस योजना के तहत स्टॉल प्रदान किए गए।

यह पहल न केवल छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी, बल्कि रांची शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक मजबूत कदम साबित होगी।

रांची में ‘नमो स्टॉल’ योजना की शुरुआत, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को मिला नया संबल रांची में ‘नमो स्टॉल’ योजना की शुरुआत, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को मिला नया संबल Reviewed by PSA Live News on 8:40:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.