ब्लॉग खोजें

आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका यूनियन का राज्य सम्मेलन संपन्न, नई कमिटी का गठन

मीरा देवी बनीं अध्यक्ष, मीनू मूर्मू को महासचिव की जिम्मेदारी

 


रांची। रांची के मेन रोड स्थित सफदर हाशमी सभागार में झारखंड राज्य आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका यूनियन का चतुर्थ राज्य सम्मेलन धूमधाम और जोशपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। यह सम्मेलन ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ आंगनबाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स (आइफा) एवं सीटू से संबद्ध यूनियन द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें राज्यभर से बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं ने भाग लिया।

सम्मेलन की शुरुआत झंडोत्तोलन और शहीद बेदी पर माल्यार्पण के साथ हुई, जिसमें शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद सीटू के कार्यकारी अध्यक्ष कॉमरेड भवन सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए संगठन की एकजुटता और संघर्ष की आवश्यकता पर जोर दिया।

सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन आइफा की राष्ट्रीय महासचिव उषा रानी ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एफआरएस (फंक्शनल रियल टाइम सिस्टम) के नाम पर आंगनबाड़ी कर्मियों का शोषण बढ़ा है। मानदेय में अनियमितता, भुगतान में देरी और काम का बोझ लगातार बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों से टीएचआर (टेक होम राशन) के लिए “रेडी टू ईट” पैकेट की आपूर्ति बाधित है, जिससे लाभुकों को परेशानी हो रही है।

उषा रानी ने मांग रखी कि एफआरएस प्रणाली लागू करने से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक संसाधन जैसे लैपटॉप, डेटा पैक और लाभुकों को ओटीपी के लिए मोबाइल फोन उपलब्ध कराया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ सही तरीके से लोगों तक पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2018 के बाद से मानदेय में कोई बढ़ोतरी नहीं की है, जबकि महंगाई कई गुना बढ़ चुकी है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीणा गुप्ता ने कहा कि सेविकाओं को एसआईआर जैसे अतिरिक्त कार्यों से मुक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा रात में भी फोन कर कार्य का दबाव बनाया जाता है, जो अनुचित है। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं को चुनावी कार्यों से भी अलग रखने की मांग की।

सीटू के राज्य महासचिव बिश्वजीत देब ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि चार नए लेबर कोड मजदूरों के अधिकारों को सीमित करने वाले हैं और इससे श्रमिक वर्ग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

सम्मेलन के अंत में संगठन की नई राज्य कमिटी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से मीरा देवी को अध्यक्ष, मीनू मूर्मू को महासचिव चुना गया। इसके अलावा प्रीति हांसदा, अविगेल हेम्ब्रम और वर्षा रानी को उपाध्यक्ष, सावित्री सोरेन, सोनामुनी मुर्मू एवं बेबी कुमारी को सचिव तथा लखन लाल मंडल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सम्मेलन में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं की समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक आंदोलन की रणनीति पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं देती है, तो राज्यभर में चरणबद्ध आंदोलन तेज किया जाएगा।

आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका यूनियन का राज्य सम्मेलन संपन्न, नई कमिटी का गठन आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका यूनियन का राज्य सम्मेलन संपन्न, नई कमिटी का गठन Reviewed by PSA Live News on 9:35:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.