ब्लॉग खोजें

“दृष्टिकोण बदलें, जीवन में आएगी सुंदरता और शांति” — ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन


राँची (हरमू रोड)। 
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवाकेन्द्र, चौधरी बगान (हरमू रोड) में आयोजित आध्यात्मिक कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि ईश्वर की रचना अत्यंत सुंदर और अद्भुत है, जिसे समझने के लिए हमें अपनी सोच और नजरिया बदलना होगा।

उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “जिसकी रचना इतनी सुंदर है, वह स्वयं कितना सुंदर होगा”—यह भाव मनुष्य को ईश्वर के प्रति सहज ही आकर्षित करता है। उन्होंने बताया कि मानव ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ कृति है, जो केवल सुंदर ही नहीं बल्कि बुद्धिमान भी है। लेकिन आधुनिक जीवन की भागदौड़ और आगे बढ़ने की अंधी दौड़ में इंसान अपने मूल गुणों और मूल्यों से दूर होता जा रहा है।

निर्मला बहन ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज का मनुष्य आत्मचिंतन के बजाय दूसरों पर दोषारोपण करने में अधिक व्यस्त है, जिससे उसका मानसिक तनाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि हम दूसरों की कमियों के बजाय उनके गुणों को देखना और अपनाना शुरू करें, तो न केवल हमारा दृष्टिकोण बदलेगा, बल्कि जीवन में सुख, शांति और संतुलन भी आएगा।

उन्होंने आगे कहा कि “ईश्वर की बनाई हर चीज में सुंदरता और विशेषता है—चाहे वह प्रकृति हो, पशु-पक्षी हों या मनुष्य।” प्रकृति के प्रत्येक तत्व में परमात्मा की कारीगरी झलकती है और हर एक तत्व हमें जीवन के लिए प्रेरणादायक संदेश देता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे हर परिस्थिति और हर व्यक्ति में अच्छाई खोजने की आदत विकसित करें।

ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने उदाहरण देते हुए बताया कि माँ सरस्वती का वाहन हंस हमें यह शिक्षा देता है कि हमें गुण रूपी मोती चुनने चाहिए, न कि अवगुण रूपी कंकड़। उन्होंने कहा कि अवगुणों को देखना और उनका वर्णन करना भी कहीं न कहीं उन अवगुणों को अपनाने के समान है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में दैवी गुणों से युक्त सतयुग की स्थापना के लिए हमें अभी से अपने भीतर सकारात्मक गुणों को विकसित करना होगा, ताकि हम उस श्रेष्ठ संसार के योग्य बन सकें।

कार्यक्रम के अंत में यह जानकारी दी गई कि चौधरी बगान स्थित ब्रह्माकुमारी सेवाकेन्द्र में प्रतिदिन निःशुल्क राजयोग ध्यान का प्रशिक्षण दिया जाता है। राजयोग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति के अंदर सकारात्मक गुणों को धारण करने की शक्ति विकसित होती है, जिससे जीवन में आत्मिक शांति, संतुलन और सकारात्मकता का संचार होता है।

“दृष्टिकोण बदलें, जीवन में आएगी सुंदरता और शांति” — ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन   “दृष्टिकोण बदलें, जीवन में आएगी सुंदरता और शांति” — ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन Reviewed by PSA Live News on 9:26:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.