ब्लॉग खोजें

दरभंगा में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, शनिवार को 27 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य


दरभंगा, 08 मई 2026।
जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति एवं वितरण पूरी तरह सामान्य और नियमानुसार जारी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जिले में घरेलू एवं कमर्शियल गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) श्री सुरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले की 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से शुक्रवार को कुल 11 हजार 524 एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण उपभोक्ताओं के बीच किया गया। इनमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 8 हजार 450, बेनीपुर अनुमंडल में 1 हजार 163 तथा बिरौल अनुमंडल में 1 हजार 911 सिलेंडर वितरित किए गए।

उन्होंने बताया कि 08 मई की शाम तक विभिन्न एजेंसियों के गोदामों में 11 हजार 425 एलपीजी गैस सिलेंडर शेष उपलब्ध हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी हुई है।

डीएसओ ने आगे कहा कि शनिवार, 09 मई को जिले में बड़े पैमाने पर गैस वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत दरभंगा सदर अनुमंडल में 20 हजार 21, बेनीपुर अनुमंडल में 2 हजार 016 तथा बिरौल अनुमंडल में 5 हजार 037 एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया जाएगा। इस प्रकार शनिवार को जिलेभर में 27 हजार से अधिक सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है।

उप निदेशक जन-संपर्क श्री सत्येन्द्र प्रसाद ने कहा कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थों एवं एलपीजी गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है। विभागीय नियमों के अनुसार उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शादी-विवाह एवं अन्य आयोजनों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति कैटरिंग सेवाओं के माध्यम से नियमित रूप से की जा रही है। विभागीय निर्देशानुसार विशेष अवसरों पर उपभोक्ताओं को पांच तक कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी, समयबद्ध एवं सुचारु वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता, मुनाफाखोरी या जमाखोरी पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस वितरण से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष अथवा संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06272-245055 जारी किया गया है। प्रशासन के अनुसार प्राप्त अधिकांश शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा चुका है।

जिला प्रशासन ने दोहराया कि उपभोक्ताओं को सुविधाजनक एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है तथा गैस आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

दरभंगा में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, शनिवार को 27 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य दरभंगा में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, शनिवार को 27 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य Reviewed by PSA Live News on 3:36:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.