RO सिस्टम की सौगात, हजारों पौधों से हरियाली का संदेश और मानव सेवा का संकल्प
हरियाणा/हिसार (राजेश सलूजा):
समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण और मानवता के प्रति समर्पण की अनूठी मिसाल पेश करते हुए अखिल भारतीय सेवा संघ के प्रांतीय अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध समाजसेवी डायमंड रत्न महेंद्र सेतिया ने अपना जन्मदिन अत्यंत प्रेरणादायक एवं जनहितकारी तरीके से मनाया। जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए उन्होंने समाज के लिए उपयोगी कार्यों को प्राथमिकता दी, जिसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
इस अवसर पर हिसार के मदन लाल ढींगरा पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय सेवा संघ की ओर से आमजन की सुविधा के लिए अत्याधुनिक RO वाटर सिस्टम भेंट किया गया। इस RO सिस्टम के माध्यम से पार्क में आने वाले लोगों को अब शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। स्थानीय लोगों ने इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि बढ़ती गर्मी के बीच यह सुविधा लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।
कार्यक्रम के दौरान डायमंड रत्न महेंद्र सेतिया ने पार्क परिसर में विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि “प्रकृति की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तभी आने वाली पीढ़ियां स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जी सकेंगी।” उन्होंने लोगों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
महेंद्र सेतिया का पर्यावरण के प्रति समर्पण वर्षों पुराना है। जानकारी के अनुसार वे अब तक अपने निजी खर्च पर लगभग 25 से 26 हजार पौधे लगा चुके हैं। उनके द्वारा लगाए गए हजारों पौधे आज वृक्ष बनकर लोगों को स्वच्छ वातावरण, छाया और हरियाली प्रदान कर रहे हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि उनके प्रयासों से कई स्थानों की तस्वीर बदल गई है और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ी है।
समाजसेवा के क्षेत्र में भी महेंद्र सेतिया का योगदान उल्लेखनीय माना जाता है। वे समय-समय पर रक्तदान शिविरों में भाग लेकर कई बार रक्तदान कर चुके हैं तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण वे क्षेत्र में एक सम्मानित एवं लोकप्रिय समाजसेवी के रूप में अपनी अलग पहचान रखते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि महेंद्र सेतिया केवल एक नाम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता की पहचान बन चुके हैं। उन्होंने हमेशा समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए लोगों की सहायता की है और युवाओं को भी समाजसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया है। RO सिस्टम की सौगात, पौधरोपण अभियान और रक्तदान जैसे कार्य उनके संवेदनशील एवं जनहितैषी व्यक्तित्व को दर्शाते हैं।
जन्मदिन समारोह के उपलक्ष्य में बाद में जलपान कार्यक्रम का आयोजन उनके प्रतिष्ठान “सेतिया स्टील इंडस्ट्रीज”, सेतिया चौक, दुर्गा विहार कॉलोनी, वार्ड नंबर-11, बरवाला में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, मित्रगण, सामाजिक कार्यकर्ता तथा अखिल भारतीय सेवा संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम में भाईचारे, सेवा भावना और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर अखिल भारतीय सेवा संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राजेश सलूजा, अध्यक्ष विक्की रहेजा (पूर्व पार्षद), रोशन लाल सैनी, प्रांतीय प्रमुख नरेंद्र चुघ, प्रांतीय उपाध्यक्ष पवन मलिक, प्रांतीय संगठन मंत्री महेंद्र सैनी, तुषार वाधवा, कोषाध्यक्ष सुदर्शन खुराना, वरिष्ठ पत्रकार संजय गिरधर, संजय चानना, लीलाकृष्ण कथूरिया, सचिव संजीव भाटिया, राजेंद्र रहेजा, मदन पोपली, दर्शन मेहता, हर भगवान आनंद सहित अनेक गणमान्य लोग एवं सेवा संघ के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने समाजहित, पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। लोगों ने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति महेंद्र सेतिया की तरह सेवा और पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बना ले, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित रूप से दिखाई देगा।
Reviewed by PSA Live News
on
11:43:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: