ब्लॉग खोजें

फर्जी व्हाट्सएप नंबर से सावधान : नगर आयुक्त बनकर लोगों को भेजे जा रहे संदेश, रांची नगर निगम ने जारी की चेतावनी


रांची। 
रांची नगर निगम ने आम नागरिकों को साइबर ठगी और फर्जीवाड़े से सतर्क रहने की अपील की है। निगम की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में बताया गया है कि नगर आयुक्त के नाम और पद का दुरुपयोग करते हुए एक विदेशी नंबर +84 566696967 से व्हाट्सएप संदेश भेजे जा रहे हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि यह नंबर पूरी तरह फर्जी, भ्रामक और संदिग्ध है।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, कुछ लोगों को नगर आयुक्त के नाम से व्हाट्सएप मैसेज और कॉल प्राप्त होने की सूचना मिली है, जिसके बाद निगम ने तत्काल लोगों को अलर्ट जारी किया। निगम ने साफ कहा है कि नगर आयुक्त का आधिकारिक मोबाइल नंबर केवल +91 9431115814 है। इसके अलावा किसी भी अन्य नंबर से यदि नगर आयुक्त के नाम पर कॉल, मैसेज, निर्देश या किसी प्रकार की मांग की जाती है, तो नागरिक उस पर भरोसा न करें।

नगर निगम ने आशंका जताई है कि साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेकर व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल्स, ओटीपी या आर्थिक लेन-देन से जुड़ी जानकारी हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

निगम प्रशासन ने कहा कि किसी भी अनजान या संदिग्ध नंबर से आने वाले संदेशों का जवाब न दें और न ही किसी प्रकार की गोपनीय जानकारी साझा करें। साथ ही ऐसे नंबरों को तुरंत Spam या Report करने की सलाह दी गई है।

साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए रांची नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे डिजिटल माध्यमों पर आने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश की सत्यता जांचे बिना उस पर विश्वास न करें। निगम ने कहा कि सरकारी अधिकारी कभी भी व्हाट्सएप के जरिए व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल्स या पैसों की मांग नहीं करते हैं।

नगर निगम की इस चेतावनी के बाद शहरवासियों से सतर्क रहने और साइबर ठगी से बचने की अपील की जा रही है।

फर्जी व्हाट्सएप नंबर से सावधान : नगर आयुक्त बनकर लोगों को भेजे जा रहे संदेश, रांची नगर निगम ने जारी की चेतावनी फर्जी व्हाट्सएप नंबर से सावधान : नगर आयुक्त बनकर लोगों को भेजे जा रहे संदेश, रांची नगर निगम ने जारी की चेतावनी Reviewed by PSA Live News on 12:31:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.