अरगोड़ा चौक पर जीवन ज्योति बस में चढ़कर चालक पर तानी पिस्तौल, विरोध करने पर की फायरिंग
रांची, 13 मई 2026। राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब रांची से नालंदा जा रही “जीवन ज्योति” नामक बस के चालक से रंगदारी वसूलने की कोशिश की गई। विरोध करने पर अपराधियों ने चालक को जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी कर दी। हालांकि पुलिस और ट्रैफिक जवानों की तत्परता से एक आरोपी मौके पर ही धर दबोचा गया, जबकि बाद में लगातार छापेमारी कर तीन अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना 12 मई 2026 की देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार रांची से नालंदा जा रही “जीवन ज्योति” बस अरगोड़ा चौक के पहले नो-एंट्री के कारण रुकी हुई थी। इसी दौरान तीन अपराधी बस के पास पहुंचे। इनमें से दो अपराधी बस में चढ़ गए और चालक की कनपटी पर हथियार सटा कर रंगदारी की मांग करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक ने जब अपराधियों का विरोध किया तो एक अपराधी ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली चालक को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही अरगोड़ा चौक पर मौजूद पुलिस गश्ती दल और ट्रैफिक पुलिस के जवान तत्काल बस की ओर दौड़े। पुलिस को देखकर अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक अपराधी को हथियार के साथ मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को तत्काल सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पहले पकड़े गए अपराधी से पूछताछ की और फिर लगातार छापेमारी कर फरार दो अन्य अपराधियों के साथ हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में अरगोड़ा थाना कांड संख्या-114/26 दिनांक 13.05.2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
गिरफ्तार अपराधियों के नाम
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं –
- कुंदन कुमार सोनी, निवासी महावीर नगर, डोरंडा, रांची
- अभिजीत कुमार उर्फ अन्नो सिंह, निवासी नसरीगंज, गया (बिहार)
- नितिन पाण्डेय उर्फ अमन, निवासी नरदीगंज, नवादा (बिहार)
- गोलू राम उर्फ गोलू बाल्मोकी, निवासी किशोरगंज बाल्मोकी नगर, रांची
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से –
- एक देसी पिस्तौल
- एक खोखा
- दो मोबाइल फोन
बरामद किए हैं।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कुंदन कुमार सोनी पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ चुटिया थाना कांड संख्या 109/23 में धारा 302/34 के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस टीम की तत्परता से टली बड़ी घटना
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि गश्ती दल समय पर नहीं पहुंचता तो बस चालक की हत्या भी हो सकती थी। देर रात हुई इस घटना ने राजधानी में बस संचालकों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर पूरे गिरोह और रंगदारी नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक हटिया प्रमोद कुमार मिश्रा, अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी सहित अरगोड़ा थाना, पुंदाग ओपी और यातायात पुलिस के कई अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Reviewed by PSA Live News
on
6:50:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: