ब्लॉग खोजें

पटना की तर्ज पर मुंगेर-भागलपुर गंगा पथ पर बनेगा मरीन ड्राइव, मुख्यमंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को दिए त्वरित निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश


पटना, 07 मई 2026:
बिहार में आधारभूत संरचना विकास को नई गति देने की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत मुंगेर से भागलपुर तक गंगा किनारे अत्याधुनिक “मरीन ड्राइव” विकसित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को प्रस्तावित मुंगेर-भागलपुर गंगा पथ परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की तथा परियोजना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए।

मुंगेर स्थित बबुआ घाट पर आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित मुंगेर (सफियाबाद)-बरियारपुर-घोरघट-सुल्तानगंज गंगा पथ एवं सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर गंगा पथ परियोजना की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परियोजना की रूपरेखा, भूमि अधिग्रहण, घाटों के पुनर्विकास, एलाइन्मेंट और सड़क संपर्क की जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सफियाबाद (मुंगेर) से सुल्तानगंज (भागलपुर) तक प्रस्तावित गंगा पथ की कुल लंबाई लगभग 42 किलोमीटर होगी, जबकि सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर गंगा पथ परियोजना की लंबाई 41.33 किलोमीटर निर्धारित की गई है। दोनों परियोजनाओं को आधुनिक फोर-लेन कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना का एलाइन्मेंट इस प्रकार तैयार किया जाए जिससे अधिक से अधिक सड़कों और पुलों की कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि मुंगेर शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही मुंगेर और बरियारपुर के बीच नए शहर बसाने की संभावनाओं पर भी कार्य करने का निर्देश दिया।

उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि चिन्हित करने तथा मुंगेर एयरपोर्ट को विकसित करने का निर्देश भी दिया, ताकि यहां रात में भी विमानों की लैंडिंग संभव हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित गंगा पथ को यथासंभव एट-ग्रेड बनाया जाए ताकि यह शहर सुरक्षा बांध के रूप में भी उपयोगी साबित हो सके और एलिवेटेड हिस्सों को न्यूनतम रखा जाए।

5327 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा अत्याधुनिक कॉरिडोर

अधिकारियों के अनुसार, मुंगेर-सुल्तानगंज गंगा पथ परियोजना को हाइब्रिड एन्युटी मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत लगभग 5327 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसमें 40 प्रतिशत राशि सरकार तथा 60 प्रतिशत निवेश निजी डेवलपर द्वारा किया जाएगा। परियोजना की निर्माण अवधि चार वर्ष तय की गई है।

यह कॉरिडोर गंगा नदी के समानांतर विकसित किया जाएगा, जिससे मुंगेर और भागलपुर के बीच आवागमन तेज और सुगम होगा। परियोजना से क्षेत्रीय संपर्क, पर्यटन, धार्मिक स्थलों तक पहुंच तथा गंगा तट के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

परियोजना के तहत 27 मीटर चौड़ी फोर-लेन डिवाइडेड कैरिजवे बनाई जाएगी। इसमें दोनों दिशाओं में सात-सात मीटर चौड़ी मुख्य सड़क, मध्य पट्टी, पक्के और कच्चे कंधों का निर्माण शामिल होगा। घनी आबादी वाले क्षेत्रों, घाटों और धार्मिक स्थलों के निकट एलिवेटेड सड़कें बनाई जाएंगी ताकि भूमि अधिग्रहण कम हो और यातायात सुचारू बना रहे।

सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर कॉरिडोर में विकसित होंगे 34 घाट

सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर गंगा पथ परियोजना में 34 घाटों के विकास की योजना बनाई गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए परियोजना में टोल प्लाजा, बस-बे, ट्रक ले-बाय, व्यू प्वाइंट और लगभग 2000 वर्ग मीटर का विश्राम क्षेत्र विकसित किया जाएगा।

परियोजना के लिए लगभग 699 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी, जिसमें 43 मौजा/वार्ड और 2106 प्लॉट शामिल हैं। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रगति पर है।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों को दिए कई अहम निर्देश

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित “मरीन ड्राइव” परियोजना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को परियोजना कार्य में तेजी लाने तथा तकनीकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना बिहार के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इससे न केवल यात्रा समय और लागत में कमी आएगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

बिहार योग विद्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री

मुंगेर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री बिहार योग विद्यालय के पादुका दर्शन आश्रम भी पहुंचे, जहां उन्होंने स्वामी निरंजनानंद सरस्वती से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने भगवान तिरुपति बालाजी की उत्सव प्रतिमा के दर्शन किए और आरती में शामिल होकर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधायक कुमार प्रणय, विधायक नचिकेता, विधान पार्षद लाल मोहन गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।

पटना की तर्ज पर मुंगेर-भागलपुर गंगा पथ पर बनेगा मरीन ड्राइव, मुख्यमंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण पटना की तर्ज पर मुंगेर-भागलपुर गंगा पथ पर बनेगा मरीन ड्राइव, मुख्यमंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण Reviewed by PSA Live News on 10:27:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.