चान्हो/रांची : राजधानी रांची के चान्हो थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव में पुआल के कुंबा (भूसे के ढेर) से एक व्यक्ति का जला हुआ शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी निर्मल मिंज के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को अचानक मौसम खराब हो गया था। तेज बारिश और गरज-चमक के बीच निर्मल मिंज खुद को बचाने के लिए खेत के पास बने पुआल के कुंबा में जाकर छिप गया था। इसी दौरान अचानक जोरदार वज्रपात हुआ, जिससे कुंबा में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे पुआल को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि निर्मल मिंज बाहर निकल नहीं सका और अंदर ही जिंदा जल गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग बुझने के बाद जब लोगों ने कुंबा को हटाया तो अंदर से निर्मल मिंज का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान गांव के कई लोग इधर-उधर सुरक्षित स्थान की तलाश कर रहे थे। निर्मल मिंज भी खुद को बचाने के लिए पुआल के ढेर में घुस गया था, लेकिन वही स्थान उसके लिए मौत का कारण बन गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटना की जानकारी ली है।
इधर, लगातार बदलते मौसम और वज्रपात की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश और वज्रपात के दौरान ग्रामीण इलाकों में लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
Reviewed by PSA Live News
on
6:58:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: