दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म भूषण: पूरे झारखंड के लिए गौरव का क्षण, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जताई खुशी
रांची। झारखंड आंदोलन के प्रणेता, आदिवासी समाज की सशक्त आवाज़ और जननायक रहे दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे झारखंड और झारखंडवासियों के लिए गर्व एवं सम्मान का विषय बताया है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
अपने जारी बयान में श्री साहू ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान स्वर्गीय शिबू सोरेन के आजीवन संघर्ष, जनसेवा, आदिवासी अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय के प्रति उनके समर्पण का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश उन महान विभूतियों को उचित सम्मान दे रहा है, जिन्होंने समाज और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय एवं अमूल्य योगदान दिया है। शिबू सोरेन को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना उसी सोच और संकल्प का प्रतीक है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन केवल एक राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि वे झारखंड की पहचान, आदिवासी अस्मिता और जनसंघर्ष के प्रतीक थे। उन्होंने अपने पूरे जीवन को समाज के वंचित, शोषित और उपेक्षित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। झारखंड राज्य के निर्माण के आंदोलन में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
श्री साहू ने कहा कि शिबू सोरेन ने आदिवासी समाज के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकारों के लिए लंबा संघर्ष किया। उन्होंने महाजनी प्रथा, सामाजिक कुरीतियों, शराबबंदी और दहेज जैसी बुराइयों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया तथा ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में सामाजिक चेतना को नई दिशा दी। उनके संघर्ष और विचारों ने लाखों लोगों को प्रेरित किया तथा झारखंड के सामाजिक और राजनीतिक इतिहास में अमिट छाप छोड़ी।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल स्वर्गीय शिबू सोरेन को ही नहीं, बल्कि झारखंड की जनजातीय संस्कृति, संघर्षशील परंपरा और गौरवशाली विरासत को भी समर्पित है। यह पूरे राज्य के लोगों के लिए गर्व का अवसर है। शिबू सोरेन किसी एक परिवार, दल या समुदाय तक सीमित नहीं थे, बल्कि वे पूरे झारखंड के नेता थे, जिनके नेतृत्व और संघर्ष ने राज्य की राजनीतिक चेतना को नई पहचान दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पद्म भूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मान से विभूषित किए जाने से आने वाली पीढ़ियों को भी शिबू सोरेन के जीवन, संघर्ष और समाजसेवा से प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि दिशोम गुरु के आदर्श, सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जनहित में किए गए कार्य हमेशा झारखंड के विकास और सामाजिक समरसता के मार्गदर्शक बने रहेंगे।
उन्होंने कहा कि देश द्वारा दिया गया यह सम्मान झारखंड की जनता के लंबे संघर्षों और आकांक्षाओं का भी सम्मान है। इससे राज्य की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है और यह प्रत्येक झारखंडवासी के लिए गर्व का विषय है।
Reviewed by PSA Live News
on
9:01:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: