ब्लॉग खोजें

डॉक्टर्स और चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ने अपनाया आध्यात्मिकता का संदेश, ब्रह्माकुमारीज में आयोजित विशेष सम्मान समारोह

राजयोग ध्यान से मिलती है मानसिक शांति, सेवा और पेशेवर जीवन में बढ़ती है सकारात्मक ऊर्जा : विशेषज्ञ


रांची, 29 जून।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केन्द्र, चौधरी बगान, हरमू रोड में मंगलवार को आगामी राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) एवं चार्टर्ड एकाउंटेंट दिवस (सीए डे) के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के दो महत्वपूर्ण वर्गों—चिकित्सकों एवं चार्टर्ड एकाउंटेंट्स—के योगदान का सम्मान करना तथा उन्हें आध्यात्मिक जीवन मूल्यों एवं राजयोग ध्यान के महत्व से अवगत कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक, चार्टर्ड एकाउंटेंट्स तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान से जुड़े वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कुमकुम विद्यार्थी ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक व्यक्ति और प्रत्येक पेशे से जुड़े लोगों के लिए मानसिक शांति अत्यंत आवश्यक हो गई है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज के इस आध्यात्मिक वातावरण में आकर उन्हें विशेष शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि यदि चिकित्सक स्वयं मानसिक रूप से संतुलित और सकारात्मक रहेंगे तो वे अपने मरीजों की बेहतर सेवा कर सकेंगे।

प्रख्यात मनोचिकित्सक डॉ. पवन वर्णवाल ने कहा कि आज तनाव, अवसाद और मानसिक अस्थिरता जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे समय में राजयोग ध्यान केवल चिकित्सकों को ही नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को मानसिक संतुलन प्रदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि राजयोग चिकित्सकों को अपने मरीजों के साथ भावनात्मक जुड़ाव, संवेदनशीलता और सहानुभूति बनाए रखने की शक्ति देता है, जिससे उपचार प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बनती है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित चार्टर्ड एकाउंटेंट संस्थान (आईसीएआई) रांची चैप्टर के चेयरमैन अनीश जैन ने कहा कि आध्यात्मिकता व्यक्ति को जीवन के विभिन्न उतार-चढ़ाव का सामना करने की शक्ति प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि पेशेवर जीवन में अनेक प्रकार की चुनौतियाँ आती हैं, लेकिन आध्यात्मिक दृष्टिकोण व्यक्ति को धैर्य, संतुलन और सकारात्मक सोच बनाए रखने में सहायता करता है।

रांची चैप्टर के सचिव दिलीप कुमार ने अपने विद्यार्थी जीवन में ब्रह्माकुमारीज से जुड़े अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि जीवन में जब भी कठिन परिस्थितियां आती हैं, तब राजयोग का ज्ञान और आध्यात्मिक चिंतन व्यक्ति को भीतर से मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि आत्मिक शक्ति के बिना जीवन की चुनौतियों का सामना करना कठिन हो जाता है।

वहीं उपाध्यक्ष विवेक खोवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आध्यात्मिकता मनुष्य को न केवल बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा देती है बल्कि उसे गलत मार्ग पर जाने से भी रोकती है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक जीवन का सबसे बड़ा गुण निःस्वार्थ प्रेम है, जो समाज में सद्भावना और मानवीय मूल्यों को मजबूत करता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने कहा कि डॉक्टर समाज के ऐसे सेवक हैं जो कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी मानवता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति शारीरिक या मानसिक पीड़ा से गुजरता है, तब चिकित्सक उसके जीवन में आशा की किरण बनकर सामने आते हैं। ऐसे समर्पित चिकित्सकों का सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है।

निर्मला बहन ने आगामी चार्टर्ड एकाउंटेंट दिवस के अवसर पर देशभर के सभी सीए को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाने, वित्तीय अनुशासन स्थापित करने तथा विकास की गति को बनाए रखने में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका योगदान राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अमूल्य है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. प्रियंका (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. हिमांशु, सीए शुभम केसरी तथा सीए श्रृंखला खोवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सांस्कृतिक आकर्षण बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य रहा, जिसने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों को राजयोग मेडिटेशन का गाइडेड अभ्यास कराया गया, जिसमें आत्मिक शांति, सकारात्मक चिंतन और तनावमुक्त जीवन के सूत्र बताए गए।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने इस प्रकार के आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़ और तनावपूर्ण वातावरण में राजयोग ध्यान एवं आध्यात्मिक ज्ञान व्यक्ति के मानसिक, सामाजिक और व्यावसायिक जीवन को संतुलित बनाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम समाज में सेवा, आध्यात्मिकता और मानवीय मूल्यों के समन्वय का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।

डॉक्टर्स और चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ने अपनाया आध्यात्मिकता का संदेश, ब्रह्माकुमारीज में आयोजित विशेष सम्मान समारोह डॉक्टर्स और चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ने अपनाया आध्यात्मिकता का संदेश, ब्रह्माकुमारीज में आयोजित विशेष सम्मान समारोह Reviewed by PSA Live News on 7:22:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.